Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं बीएसएफ के जांबाज अभय सिंह को अश्रुपूर्ण विदाई, सैन्य सम्मान के साथ...

बीएसएफ के जांबाज अभय सिंह को अश्रुपूर्ण विदाई, सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

बड़ागांव I झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
कस्बे के निवासी एवं सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के हेड कांस्टेबल अभय सिंह शेखावत को शुक्रवार शाम पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम संस्कार के दौरान जयपुर से पहुंची सेना की टुकड़ी ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर देश के प्रति उनकी सेवाओं को नमन किया। अभय सिंह पिछले दो माह से कैंसर से जूझ रहे थे और उनका उपचार जयपुर स्थित महावीर कैंसर अस्पताल में चल रहा था। उपचार के दौरान गुरूवार रात उनका निधन हो गया। उनके पार्थिव शरीर के बड़ागांव पहुंचने पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं और जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।इस अवसर पर युवाओं द्वारा कॉलेज बस स्टैंड से उनके निवास तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों के बीच लोगों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर दिवंगत जवान को श्रद्धासुमन अर्पित किए। माहौल भावुक हो उठा जब सेना के जवानों ने राष्ट्रीय ध्वज उनके पुत्र रूद्रप्रताप सिंह को सौंपकर परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। अंतिम संस्कार में बालाजी पुलिस चौकी के एएसआई जगदीश प्रसाद, पूर्व सांसद नरेन्द्र कुमार, पूर्व विधायक वीरेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व विधायक रणवीर सिंह गुढ़ा, पूर्व सरपंच राजेंद्र प्रसाद सैनी, कनिष्ठ सहायक कमलेश नाटास, पंचायत कर्मी अभिषेक चौधरी, पटवारी राहुल, महंत रविन्द्र पारीक, गोमती देवी कॉलेज के निदेशक डॉ. सी.एल. शर्मा, जीएसएस अध्यक्ष सुरेश सैनी, भाजपा जिला महामंत्री वीरपाल सिंह, जिला उपाध्यक्ष भूपेन्द्र शेखावत, महिपाल सिंह, सूबेदार आजाद सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। देश सेवा को समर्पित अभय सिंह शेखावत की अंतिम यात्रा में उमड़े जनसैलाब ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए उनके योगदान को सदैव स्मरणीय बताया।

Advertisement