झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों और गंभीर चोटों को रोकने के लिए झुंझुनूं पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “विशेष यातायात जागरूकता एवं प्रवर्तन सप्ताह” के तहत शनिवार को जिलेभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाते हुए 400 दुपहिया वाहन चालकों को निःशुल्क हेलमेट वितरित किए गए। यह अभियान भामाशाहों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से आयोजित किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन में 2 जून से 7 जून 2026 तक संचालित इस विशेष सप्ताह का उद्देश्य आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और जिले में सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था को मजबूत करना है। अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक कार्यालय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय, क्यूआईडीटी शाखा तथा जिले के विभिन्न पुलिस थानों की टीमों ने संयुक्त रूप से हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के महत्व के बारे में जानकारी दी गई और उन्हें हमेशा यातायात नियमों की पालना करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर लगने वाली गंभीर चोटें मृत्यु का सबसे बड़ा कारण बनती हैं। ऐसे में हेलमेट न केवल कानूनी अनिवार्यता है, बल्कि जीवन रक्षा का सबसे प्रभावी साधन भी है। हेलमेट वितरण के साथ-साथ वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देकर सुरक्षित ड्राइविंग का संदेश दिया गया। झुंझुनूं पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार, मित्रों तथा परिचितों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाएं। पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों की पालना केवल स्वयं की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सड़क पर चलने वाले प्रत्येक व्यक्ति के जीवन की रक्षा से जुड़ा विषय है।”सुरक्षित यातायात, सुरक्षित जीवन” के संदेश के साथ झुंझुनूं पुलिस का यह विशेष अभियान पूरे जिले में प्रभावी रूप से जारी है और लोगों से इसे जनआंदोलन का रूप देने का आह्वान किया जा रहा है।










