खेतड़ी । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
सिंघाना पुलिस ने देर शाम को जानलेवा हमला करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले दस माह से फरार चल रहे थे। थानाधिकारी सुगन सिंह ने बताया कि बेरला निवासी धर्मवीर ने 24 अगस्त 2025 को रिपोर्ट दी कि वह अपनी दोनों पुत्रियों एवं परिजनों के साथ उन्हें ससुराल छोड़ने के लिए सिंघाना क्षेत्र के गांव खानपुर गया था। समझौते के बहाने घर के अंदर बुलाने के बाद हरीचन्द्र, महेश व दुलीचन्द सहित अन्य व्यक्तियों ने लोहे की रॉड व सरियों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में प्रियंका, पूनम, धर्मवीर, प्रवीण, रामवीर, रामावतार व सुभाषचन्द घायल हो गए तथा कई के सिर पर गंभीर चोटें आईं। प्रियंका का एक हाथ भी टूट गया। आरोपियों द्वारा मारपीट के दौरान दोनों लड़कियों की चेन एवं मंगलसूत्र छीन लिये। इस दौरान मारपीट में बीच बचाव करने गए दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए थे। मामले को लेकर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूर्व में एक आरोपी दुलीचन्द निवासी खानपुर को पहले गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दो आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी कि पुलिस को सूचना मिली कि दो आरोपी अपने गांव आए हुए हैं। जिस पर पुलिस ने खानपुर में दबिश देकर हरीशचन्द्र व महेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। थानाधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है। इस दौरान टीम में थानाधिकारी सुगन सिंह, एएसआई राजेश कुमार, एचसी रामस्वरूप, कांस्टेबल निहाल सिहं, योगेन्द्र सिहं आदि शामिल रहें I
Advertisement










