सिंघाना पुलिस की कार्रवाई, प्रकरण के एक आरोपी को पहले ही भेजा जा चुका है जेल
सिंघाना I झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
सिंघाना थाना पुलिस ने जानलेवा हमले के एक चर्चित मामले में लंबे समय से वांछित चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों से मामले में गहन पूछताछ की जा रही है। इससे पहले इसी प्रकरण में एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर के निर्देशन में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी हरीशचन्द्र पुत्र दूलीचंद (36) एवं महेश कुमार पुत्र दूलीचंद (34) निवासी खानपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार बेरला निवासी धर्मवीर पुत्र हुक्माराम ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 अगस्त 2025 को वह अपनी दोनों पुत्रियों एवं परिजनों के साथ उन्हें ससुराल छोड़ने के लिए पुलिस थाना सिंघाना की मौजूदगी में खानपुर गांव गया था। आरोप है कि वहां समझौते के बहाने घर के अंदर बुलाकर हरीशचन्द्र, महेश, दुलीचंद एवं अन्य लोगों ने लोहे की रॉड और सरियों से हमला कर दिया।हमले में प्रियंका, पूनम, धर्मवीर, प्रवीण, रामवीर, रामावतार और सुभाषचंद गंभीर रूप से घायल हो गए। कई लोगों के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि प्रियंका का एक हाथ भी टूट गया। आरोपियों पर मारपीट के दौरान दोनों युवतियों की चेन एवं मंगलसूत्र छीनने का भी आरोप है। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने पहले आरोपी दुलीचंद पुत्र ताराचंद को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था। शेष आरोपियों की तलाश जारी थी। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने 1 जून 2026 को खानपुर गांव में दबिश देकर हरीशचन्द्र और महेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया।.पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से मामले में विस्तृत पूछताछ की जा रही है तथा प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है। कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम में सुगन सिंह, थाना प्रभारी, सिंघाना , राजेश कुमार, सहायक उपनिरीक्षक ,रामस्वरूप, हेड कांस्टेबल ,निहाल सिंह, कांस्टेबल ,योगेन्द्र सिंह, कांस्टेबल शामिल रहें I पुलिस अधिकारियों ने टीम की तत्परता और प्रभावी कार्रवाई की सराहना की है।











