खेतड़ी । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिले में अवैध खनन एवं निर्गमन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मेहाड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध बजरी से भरे एक डंपर को जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध खनन गतिविधियों में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधीक्षक झुंझुनूं कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में मेहाड़ा थाना पुलिस ने यह कार्रवाई अंजाम दी। थानाधिकारी राममनोहर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने रविवार को अवैध खनन एवं निर्गमन के विरुद्ध विशेष अभियान चलाते हुए अवैध बजरी से भरे एक डंपर को पकड़ लिया। जांच के दौरान बजरी परिवहन के संबंध में आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर वाहन को जब्त कर लिया गया तथा चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी देशराज पुत्र उमराव सिंह (25) निवासी टीलावाली, थाना खेतड़ीनगर, जिला झुंझुनूं के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 तथा भारतीय न्याय संहिता, 2023 की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। कार्रवाई में थानाधिकारी राममनोहर के साथ उपनिरीक्षक भोमाराम, हेड कांस्टेबल अमरचंद, कांस्टेबल रोहिताश तथा महिला कांस्टेबल पूनम शामिल रहीं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून तोड़ने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।











