राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत आयोजित शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवाएं, पंचकर्म थेरेपी की भी दी जानकारी , 250 मरीजों को मिला लाभ
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
एनआरडीडी हॉस्पिटल, मलसीसर रोड झुंझुनूं द्वारा राष्ट्रीय आयुष मिशन भारत सरकार एवं आयुष विभाग राजस्थान के सहयोग से धनूरी गांव में निशुल्क आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर को लेकर लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। शिविर का शुभारंभ धनूरी ग्राम सरपंच उस्मान खान ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर जलदाय विभाग कर्मचारी रामस्वरूप खालिया, युसुफ मौलाना, सादिक खान थानेदार, अली हसन, सूबेदार शकील खान, सालेह मोहम्मद सूबेदार सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर के दौरान आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के तहत 126 तथा होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति के तहत 124 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर कुल 250 मरीजों को निशुल्क परामर्श एवं दवाइयों का वितरण किया गया। इसके साथ ही मरीजों के रक्तचाप, मधुमेह, हीमोग्लोबिन सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांचें भी नि:शुल्क की गईं। चिकित्सकों ने मौसमी बीमारियों से बचाव एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बताया कि होम्योपैथी ऐसी चिकित्सा पद्धति है, जिसमें रोग के मूल कारण का अध्ययन कर उपचार किया जाता है तथा इसके दुष्प्रभाव अत्यंत कम होते हैं। कम खर्च में प्रभावी उपचार इसकी प्रमुख विशेषता है।
वहीं आयुर्वेद भारत की प्राचीन चिकित्सा पद्धति है, जो शरीर, मन और आत्मा के संतुलन को बनाए रखने पर आधारित है। आयुर्वेद में प्राकृतिक जड़ी-बूटियों, योग एवं संतुलित जीवनशैली के माध्यम से रोगों के उपचार एवं बचाव पर जोर दिया जाता है। शिविर में पंचकर्म थेरेपिस्ट परिजिथ के.के. एवं उनकी टीम ने पंचकर्म थेरेपी के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए विभिन्न थेरेपी के लाभ बताए तथा उपचार भी किया। उन्होंने जानकारी दी कि एनआरडीडी हॉस्पिटल, झुंझुनूं में पंचकर्म से संबंधित सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इस अवसर पर होम्योपैथिक फिजिशियन डॉ. राकेश जानू, डॉ. सबीना खान एवं डॉ. कमलेश सैनी तथा आयुर्वेदिक फिजिशियन डॉ. अखिला मेनोन, डॉ. प्रबुद्ध शर्मा एवं डॉ. मनोज सुथार सहित नर्सिंग, फार्मेसी एवं लैब तकनीशियन स्टाफ ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। संस्थान अध्यक्ष डॉ. सुनीता ढूकिया ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने एवं आमजन को आयुष चिकित्सा पद्धति से जोड़ने के उद्देश्य से भविष्य में भी इस प्रकार के निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें।
रतनपुरा में पेयजल संकट पर RLP का बड़ा प्रदर्शन, 60 दिन में समाधान नहीं तो आर-पार की लड़ाई
अधिवक्ता ने जताया जान का खतरा, एसपी से मांगी सुरक्षा | हत्या की साजिश का आरोप | Churu News
नगर परिषद टीम पर हमला, सरकारी जमीन जांच के दौरान कर्मचारियों से मारपीट | Churu News
















