डॉ. डीएन तुलस्यान ने श्री श्याम आशीर्वाद सेवा संस्था की ओर से प्रतिवर्ष 10 एवं 12 बोर्ड टॉपर्स को ट्रॉफी दिए जाने की घोषणा की
फोटज्ञे—07
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
स्थानीय केशव उच्च माध्यमिक आदर्श विद्या मंदिर में वार्षिकोत्सव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह दर्पण 2026 अत्यंत हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। इस गरिमामयी कार्यक्रम में विद्यालय के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को उनकी शैक्षणिक और खेलकूद की उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि श्रीश्याम आशीर्वाद सेवा संस्था के ट्रस्टी डॉ. डीएन तुलस्यान थे। अध्यक्षता कर सलाहकार सुमन कुमार मोदी ने की। विशिष्ट अतिथि नंदकिशोर खेतान, निर्मल शाह, नारायण जालान, शिवचरण हलवाई, आदर्श शिक्षा संस्थान झुंझुनूं के जिला सचिव राजेश शर्मा, प्रबंध समिति के अध्यक्ष अनूप गाडिया, व्यवस्थापक श्रीकांत पंसारी, उपाध्यक्ष रघुनाथ पोदार एवं सुभाष तेतरवाल थे। समारोह का आगाज मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। विद्यालय के घनश्याम सैनी ने सभी आगंतुक अतिथियों का परिचय करवाया और राजस्थानी परंपरा के अनुसार उनका आत्मीय स्वागत व सत्कार किया। प्रधानाचार्य निर्मल कुमार डूडी ने विद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की प्रगति की विस्तार से जानकारी दी। इस वर्ष विद्यालय ने खेल के मैदान में एक अभूतपूर्व कीर्तिमान स्थापित किया है। विद्यालय के कोच आकाश नेहरा के कुशल मार्गदर्शन में भैया-बहिनों ने राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर कुल 60 पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया। भैया—बहिनों ने कुल 47 स्वर्ण पदक, 10 रजत पदक तथा 03 कांस्य पदक विभिन्न स्पर्धाओं में जीते है। इस दौरान विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। जिन्होंने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। लोक नृत्य, देशभक्ति गीत और प्रेरक नाटकों के माध्यम से छात्रों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि डॉ. डीएन तुलस्यान ने छात्र-छात्राओं की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि सफलता निरंतर परिश्रम से मिलती है। उन्होंने अन्य छात्रों को भी इन विजेताओं से प्रेरणा लेकर भविष्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। डॉ. डीएन तुलस्यान ने श्री श्याम आशीर्वाद सेवा संस्था की ओर से इसी वर्ष से आगामी प्रतिवर्ष 10 एवं 12 बोर्ड टॉपर्स को ट्रॉफी दिए जाने की घोषणा की। जिसका सभी ने स्वागत किया। मुख्य वक्ता राजेश शर्मा ने विद्या भारती के विजन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारा उद्देश्य केवल साक्षर करना नहीं, बल्कि शिक्षा के साथ सुसंस्कार देकर राष्ट्रभक्त और समाजसेवी नागरिक तैयार करना है। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य सुभाषचंद्र तेतरवाल ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया। संपूर्ण कार्यक्रम का सफल संचालन सुशीला द्वारा किया गया।










