श्याम बाबा गौशाला के पास तेज रफ्तार वाहनों की भिड़ंत, 10 घायलों को सीकर रेफर किया गया
सीकर । राहुल टांक
खाटू श्याम के रींगस-खाटूश्याम रोड पर श्याम बाबा गौशाला के पास बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से आ रही दो सवारी गाड़ियों की आमने-सामने भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिससे आसपास के लोग भयभीत हो गए।सूचना मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी पवन चौबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उप जिला अस्पताल के इंचार्ज गोगराज निठारवाल ने बताया कि हादसे में कुल 23 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 10 की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सीकर रेफर किया गया।जानकारी के अनुसार अधिकांश घायल श्रद्धालु बिहार के रहने वाले हैं, जो जयपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। वहीं उत्तर प्रदेश के चार श्रद्धालु और चित्तौड़गढ़ के तीन श्रद्धालु दूसरी गाड़ी में सवार होकर खाटूश्यामजी के दर्शन करने जा रहे थे।हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल उप जिला अस्पताल, खाटूश्यामजी ले जाया गया। अस्पताल के पीएमओ डॉ. गोगराज सिंह निठारवाल ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि अस्पताल में कुल 23 घायलों को लाया गया है। घायलों की संख्या अधिक होने के कारण अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन डॉक्टरों की टीम ने तुरंत प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे का मुख्य कारण दोनों गाड़ियों की तेज रफ्तार बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।












