अब झुंझुनूं में ही मिलेगा न्यूरो, यूरो और गैस्ट्रो का हाईटेक इलाज, बड़े शहरों की दौड़ से मिलेगी राहत
झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
जिले की चिकित्सा व्यवस्था के लिए बड़ी उपलब्धि सामने आई है। शहर के ढूकिया हॉस्पिटल को कर्मचारी राज्य बीमा निगम ( ईएसआईसी ) के तहत न्यूरो, यूरो और गैस्ट्रो सुपर स्पेशलिटी सेवाओं के लिए इंपैनल किया गया है। इस मान्यता के साथ ही ढूकिया हॉस्पिटल झुंझुनूं जिले का पहला और एकमात्र अस्पताल बन गया है, जहां इन तीनों सुपर स्पेशलिटी सेवाओं का लाभ अब ईएसआईसी से जुड़े कार्मिकों और उनके परिवारों को स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगा। इस उपलब्धि को जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में एक बड़ी क्रांति माना जा रहा है। अब मरीजों को गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए जयपुर, दिल्ली या अन्य बड़े शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। आधुनिक तकनीक, विशेषज्ञ चिकित्सकों और कैशलेस सुविधा के साथ अब झुंझुनूं में ही उच्च स्तरीय उपचार उपलब्ध होगा।अस्पताल संचालक डॉ. मोनिका ढूकिया ने बताया कि ईएसआईसी इंपैनलमेंट के बाद हजारों कर्मचारियों और उनके परिजनों को सीधा लाभ मिलेगा। समय पर उपचार मिलने से न केवल मरीजों की परेशानी कम होगी, बल्कि आर्थिक बोझ भी घटेगा। उन्होंने बताया कि अस्पताल में सुपर स्पेशलिटी सेवाओं के लिए अनुभवी चिकित्सकों की टीम नियमित सेवाएं दे रही है। न्यूरो सर्जरी के लिए डॉ. जोगेंद्र सिंह झाझड़िया, गैस्ट्रो विशेषज्ञ के रूप में डॉ. नवीन महला तथा यूरोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. विजय ओला मरीजों को प्रतिदिन सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। ढूकिया हॉस्पिटल में ईएसआईसी के साथ-साथ आरजीएचएस , ईसीएचएस और मा योजना के तहत भी कैशलेस उपचार उपलब्ध है। इससे आमजन, सरकारी कर्मचारी, पूर्व सैनिक और अन्य पात्र वर्गों को आर्थिक राहत के साथ गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं मिल रही हैं।अस्पताल में इन-हाउस 32 स्लाइस सीटी स्कैन और सोनोग्राफी जैसी अत्याधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि स्थानीय स्तर पर इस तरह की सुपर स्पेशलिटी सेवाएं शुरू होना जिले के स्वास्थ्य ढांचे को नई दिशा देगा। चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार यह इंपैनलमेंट केवल एक अस्पताल की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे झुंझुनूं अब सुपर स्पेशलिटी हेल्थकेयर के क्षेत्र में तेजी से उभरते जिले के रूप में पहचान बना रहा है।













