सिंघाना में रेलवे की जमीन पर अवैध कब्जे पर रेलवे की कार्रवाई

जेसीबी लगाकर जमीन पर बने मकानों को किया ध्वस्त

खेतड़ी । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
सिंघाना क्षेत्र में रेलवे प्रशासन ने अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए बड़ी कार्रवाई की। रेलवे की जमीन पर लंबे समय से किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन ने जेसीबी मशीनों की मदद ली और कब्जों को ध्वस्त कर दिया। मंगलवार को सुबह रेलवे अधिकारियों की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान आसपास के क्षेत्र में हलचल मच गई। नारनौल रेलवे के सेक्सन इंजीनियर जितेंद्र सिंह ने बताया कि सिंघाना में रेलवे की जमीन पर कब्जे कर पक्के निर्माण होने की सूचना रेलवे बोर्ड को मिली थी। जिस पर रेलवे विभाग की ओर से जमीन पर कब्जा करने वालों को तीन बार नोटिस जारी कर अवैध कब्जे हटाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद भी अतिक्रमण करने वालों ने रेलवे की जमीन से अतिक्रमण हटाने की बजाय पक्के निर्माण कर लिए। प्रशासन ने पहले ही अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर जमीन खाली करने के निर्देश दिए थे, लेकिन समय पर पालन नहीं होने पर यह कदम उठाया गया। अधिकारियों के अनुसार, रेलवे की भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए ढांचे न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि रेल सुरक्षा के लिए भी खतरा पैदा करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि सिंघाना से डाबला तक पहले रेल का संचालन होता था। अब काफी समय पहले संचालन बंद होने के बाद जमीन पर कब्जा किया जा रहा था। रेलवे की ओर से सिंघाना से डाबला तक पूरी जमीन पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी जताया, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रित रही। रेलवे प्रशासन ने साफ किया कि आगे भी इस तरह के अतिक्रमण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा और सरकारी जमीन को मुक्त कराया जाएगा।स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि वे रेलवे की जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा न करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर जूनियर इंजीनियर श्रवण मीणा, रेलवे पुलिस एएसआई मेवाराम, एचसी सतीश कुमार, सिंघाना थाना एएसआई महेश कुमार, कृष्ण कुमार, विनोद कुमार के अलावा रेलवे व राजस्थान पुलिस का जाब्ता तैनात रहा।