बुहाना । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना बुहाना ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक आरोपी को अवैध 12 बोर सिंगल बैरल बंदूक और कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 6 जिंदा और 7 खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक कवेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन एवं वृताधिकारी नोपाराम भाकर के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। थाना अधिकारी बिमला बुडानिया के नेतृत्व में गठित टीम ने गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर यह सफलता हासिल की। शनिवार को गश्त के दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि एक व्यक्ति कुहाड़वास की पहाड़ियों की ओर बंदूक लेकर जा रहा है। सूचना पर टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहां एक व्यक्ति कंधे पर हथियार लटकाए दिखाई दिया, जो पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम करण सिंह पुत्र बनवारी लाल, निवासी कुहाड़वास बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 12 बोर की सिंगल बैरल बंदूक, 6 जिंदा कारतूस और 7 खाली कारतूस बरामद हुए। लाइसेंस पूछने पर वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया।
आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मामला दर्ज कर हथियार व कारतूस जब्त कर लिए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले में आगे की जांच जारी है।कार्रवाई में थाना अधिकारी बिमला बुडानिया के साथ उपनिरीक्षक रामपत यादव सहित कांस्टेबल रतन सिंह (विशेष योगदान), अनिल कुमार, भूपेंद्र, सोमबीर, अंकित कुमार व सुशील कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी थाना बुहाना में मारपीट व अन्य धाराओं में मामला दर्ज है।
चूरू में नशे के खिलाफ सर्व समाज का प्रदर्शन | SP को सौंपा ज्ञापन, सख्त कार्रवाई की मांग
मौसमी बीमारियों से कैसे बचें? | डॉक्टर अरविंद सैनी का खास इंटरव्यू

















