झुंझुनूं में विधिक सेवा प्राधिकरण की पहल—छात्रों को बताया डिजिटल दुनिया का सच, ‘गोल्डन रूल्स’ से किया जागरूक
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों के बीच अब न्यायपालिका खुद मैदान में उतरकर आमजन, खासकर विद्यार्थियों को जागरूक करने में जुट गई है। मंगलवार को शहर के गणपति नगर स्थित राजस्थान पब्लिक उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कालूराम ने दो टूक कहा— “सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है, जरा सी लापरवाही आपकी गोपनीयता और सुरक्षा दोनों को खतरे में डाल सकती है।” राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में “परिवर्तनकारी मंगलवार” कार्यक्रम के तहत आयोजित इस कार्यशाला में साइबर सुरक्षा, विधिक साक्षरता और न्याय तक समावेशी पहुंच जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को इंटरनेट की चमक-दमक के पीछे छिपे खतरों से रूबरू कराना रहा।
इंटरनेट: अवसर भी, खतरा भी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कालूराम ने इंटरनेट को “जादुई खिड़की” बताते हुए कहा कि यह ज्ञान और अवसरों का द्वार जरूर है, लेकिन असावधानी बरतने पर यही खिड़की साइबर अपराधियों के लिए रास्ता बन जाती है। उन्होंने साइबर बुलिंग, फिशिंग और डेटा चोरी जैसे बढ़ते अपराधों पर चिंता जताई। विद्यार्थियों को दिए ‘सुरक्षा के मंत्र’ कार्यक्रम में इंजीनियर पियूष ढूकिया ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के ‘गोल्डन रूल्स’ समझाते हुए कहा कि…
— मजबूत और यूनिक पासवर्ड का उपयोग करें ,
— अजनबी व्यक्तियों से ऑनलाइन दूरी बनाए रखें ,
— किसी भी लिंक पर क्लिक करने से पहले सोचें ,
— साइबर बुलिंग के खिलाफ आवाज उठाएं,
— निजी जानकारी साझा करने से बचें ॥
उन्होंने स्पष्ट किया कि जागरूकता ही साइबर अपराधों के खिलाफ सबसे मजबूत हथियार है।
विधिक जागरूकता पर भी जोर
कार्यक्रम में विधिक साक्षरता, न्यायिक संवेदनशीलता और सभी वर्गों तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि कानून की जानकारी हर नागरिक को सशक्त बनाती है और समाज में सुरक्षा का माहौल तैयार करती है। इस अवसर पर इंजी. प्यारेलाल ढूकिया , विद्यालय के प्रधानाचार्य शुभकरण खीचड़, निधि सिहाग, सुधीर शर्मा, सुनील मील, पवन कुमार सहित विद्यालय स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
भाजयुमो की विशेष बैठक आयोजित | 21 अप्रैल को ‘संकल्प दिवस’, सगत सिंह प्रतिमा का अनावरण
Ramavatar Palsania के बयान का जाट महासभा ने किया विरोध | चरण सिंह पर टिप्पणी को लेकर FIR की मांग
APS Academy Play School का भव्य शुभारंभ | विधायक हरलाल सहारण रहे मुख्य अतिथि














