Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस मनाया गया

विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस मनाया गया

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
श्री राधेश्याम आर. मोरारका राजकीय महाविद्यालय में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस मनाया गया। यह कार्यक्रम मेंटल हेल्थ काउंसलिंग सैल, राष्ट्रीय सेवा योजना, भगवानदास खेतान राजकीय चिकित्सालय तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुरेंद्रसिंह ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया से दूरी बनाकर नियमित अध्ययन की आदत अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अनुशासित जीवनशैली और सकारात्मक सोच से ही सफलता एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहा जा सकता है। मुख्य वक्ता वरिष्ठ मनोचिकित्सक डॉ. अरविंद जाखड़ ने विद्यार्थियों को नकारात्मक विचारों, नशे की लत से बचने तथा प्रतिदिन अपने अनुभव डायरी में लिखने की सलाह दी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अतिरिक्त जिला न्यायाधीश महेंद्र सोलंकी ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को सही मित्र चुनने, अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्तियों से सावधान रहने तथा जीवन में स्पष्ट उद्देश्य निर्धारित करने की प्रेरणा दी। प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र भांबू ने अनावश्यक तनाव, क्रोध और मोबाइल की लत से दूर रहने, परिवार के सदस्यों से संवाद बनाए रखने तथा वरिष्ठों का सम्मान करते हुए निरंतर प्रयासशील रहने पर बल दिया। अकादमिक शाखा प्रभारी प्रो. यशपाल ने विद्यार्थियों को समय प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उचित दिनचर्या से तनावमुक्त रहकर सफलता प्राप्त की जा सकती है। प्रो. मंजू चौधरी ने बताया कि इस अवसर पर विद्यार्थियों को तनाव मुक्त एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहने संबंधित वृत्तचित्र का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डाॅ. आकांक्षा डूडी ने किया। इस अवसर पर प्रो. मानसिंह, प्रो. हरिराम आलड़िया सहित समस्त संकाय एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

शहीद भगत सिंह विचार मंच के युवाओं का सम्मान | चूरू सूचना केंद्र कार्यक्रम | वीर तेजाजी विकास समिति

GST स्लैब में बदलाव: चूरू की जनता की राय | फायदा या नुकसान? जानिए सच्चाई | Ground Report

Advertisement