Advertisement
Home राजस्थान पाली धणी गांव में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर, 509 मरीजों को मिला विशेषज्ञों का...

धणी गांव में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर, 509 मरीजों को मिला विशेषज्ञों का परामर्श

धणी गांव में स्व. उम्मेदसिंह चापावत की चतुर्थ पुण्यतिथि पर आयोजित नि:शुल्क चिकित्सा शिविर में मरीजों की जांच करते विशेषज्ञ चिकित्सक

स्व. उम्मेदसिंह चापावत की चतुर्थ पुण्यतिथि पर आयोजन, 8 विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवाएं; नेत्र रोग के 130 और हड्डी रोग के 107 मरीजों की जांच

बाली। पाली । प्रहलाद सिंह चारण
धणी गांव में स्वर्गीय ठाकुर उम्मेदसिंह चापावत की चतुर्थ पुण्यतिथि पर शनिवार को नि:शुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। चामुंडा माताजी मंदिर परिसर में लगे शिविर में कुल 509 मरीजों की जांच कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। धणी सहित कांगड़ी, खिमेल, श्रीसेला और आसपास के गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं का लाभ उठाया।

जोधपुर के जेआईईटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के आठ विशेषज्ञ चिकित्सकों ने शिविर में अपनी सेवाएं दीं। शिविर प्रभारी भारत मेहरा के मार्गदर्शन में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पुनीत पटेल, श्वांस एवं अस्थमा रोग विशेषज्ञ डॉ. यश माथुर, हड्डी एवं जोड़ प्रत्यारोपण विशेषज्ञ डॉ. राकेश सीरवी, सामान्य रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय वीर, जनरल सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. कमलेश सोनी, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रकाश बिश्नोई, नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ डॉ. मेघा तथा नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. खुशबू मालवीय ने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया।

नेत्र और हड्डी रोग के मरीजों की संख्या अधिक

शिविर में नेत्र संबंधी समस्याओं के 130 मरीजों की जांच की गई, जबकि हड्डी एवं जोड़ संबंधी परेशानियों के 107 मरीज पहुंचे। इसके अलावा सामान्य रोग के 80, श्वांस एवं अस्थमा के 49, सामान्य सर्जरी के 45, हृदय रोग के 35, स्त्री एवं प्रसूति रोग के 33 तथा नाक-कान-गला संबंधी समस्याओं के 30 मरीजों को परामर्श दिया गया।

अलग-अलग रोगों के विशेषज्ञों की उपलब्धता से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर कई प्रकार की स्वास्थ्य सेवाएं मिलीं। शिविर में आसपास के क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच करवाई और चिकित्सकों से परामर्श लिया।

जनसेवा की भावना से किया आयोजन

आयोजक विश्वजीत सिंह चापावत के नेतृत्व में आयोजित शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श उपलब्ध करवाना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। आयोजन से जुड़े शक्ति सिंह भाटी ने बताया कि स्व. उम्मेदसिंह चापावत की पुण्यतिथि पर शिविर के माध्यम से जनसेवा का प्रयास किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी रही।

Advertisement