जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरूण गर्ग ने दूर किया भ्रम , मतदान अलग-अलग चरणों में लेकिन सभी वार्डों के नामांकन एक साथ , 17 को जांच और 19 अक्टूबर को नाम वापसी

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत झुंझुनूं जिला परिषद सदस्य पद के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है। जिला परिषद के सभी 41 वार्डों में चुनाव लड़ने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए 16 अक्टूबर नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन है। अभ्यर्थी 16 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक ही अपने नामांकन पत्र जमा करा सकेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने नामांकन प्रक्रिया को लेकर उम्मीदवारों और राजनीतिक दलों के बीच किसी भी तरह के भ्रम की स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि पूरे झुंझुनूं जिले में एक ही जिला परिषद है और इसके सभी 41 वार्डों के लिए नामांकन प्रक्रिया एक साथ संपन्न करवाई जा रही है।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरूण गर्ग ने स्पष्ट किया कि जिला परिषद के अंतर्गत जिले की सभी पंचायत समितियां आती हैं। जिले में पंचायती राज चुनाव के तहत मतदान दूसरे, तीसरे और चौथे चरण में अलग-अलग समय पर आयोजित किया जाएगा, लेकिन जिला परिषद सदस्य के सभी 41 वार्डों के लिए नामांकन प्रक्रिया एक ही निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरी होगी। ऐसे में प्रत्याशियों को मतदान के चरणों को लेकर भ्रमित होने के बजाय जिला परिषद चुनाव के लिए निर्धारित नामांकन कार्यक्रम के अनुसार ही आवेदन करना होगा।
16 अक्टूबर को अंतिम मौका, इसके बाद नहीं होंगे नामांकन
जिला परिषद सदस्य पद के लिए नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की प्रक्रिया 13 अक्टूबर से शुरू हुई थी। इसकी अंतिम तिथि 16 अक्टूबर निर्धारित की गई है। 16 अक्टूबर दोपहर 3 बजे तक ही नामांकन पत्र स्वीकार किए जाएंगे। इसके बाद नामांकन दाखिल करने का अवसर समाप्त हो जाएगा। ऐसे में चुनाव लड़ने के इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी नामांकन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार , 17 अक्टूबर को प्राप्त नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। इसके बाद 19 अक्टूबर को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होगी। नाम वापसी की अंतिम समय सीमा समाप्त होने के बाद चुनाव मैदान में डटे रहने वाले प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। इसके बाद ही प्रत्येक वार्ड में चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरूण गर्ग ने सभी संभावित प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों से चुनाव कार्यक्रम को स्पष्ट रूप से समझने तथा निर्धारित समय सीमा का पालन करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि जिला परिषद के जिन वार्डों से अभ्यर्थी चुनाव लड़ना चाहते हैं, उनके लिए नामांकन निर्धारित तिथि और समय के भीतर जमा कराना सुनिश्चित करें। 16 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे की समय सीमा समाप्त होने के बाद नामांकन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
चुनाव कार्यक्रम एक नजर में
नामांकन की अंतिम तिथि – 16 अक्टूबर, दोपहर 3 बजे तक । नामांकन पत्रों की संवीक्षा – 17 अक्टूबर । नाम वापसी की अंतिम तिथि – 19 अक्टूबर है । वहीं प्रत्याशियों की अंतिम सूची नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जारी होगी ।















