डीजे के साथ शहर में निकला जुलूस, युवा नेता संजय भाटी के निवास पर समर्थकों ने किया स्वागत
चूरू। यूथ कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष निर्वाचित होने पर नोमान सैयद के समर्थकों ने रविवार शाम शहर में डीजे के साथ जुलूस निकालकर खुशी का इजहार किया। जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए कांग्रेस युवा नेता एवं सभापति प्रत्याशी संजय भाटी के निवास पर पहुंचा। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने नोमान सैयद का माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान समर्थकों ने नारेबाजी कर नवनिर्वाचित ब्लॉक अध्यक्ष का उत्साह बढ़ाया।
युवाओं की आवाज को प्राथमिकता से उठाने की बात
नोमान सैयद ने कहा कि यूथ कांग्रेस ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं से जुड़े मुद्दों और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता से उठाया जाएगा।उन्होंने कहा कि चूरू के युवाओं की आवाज को संगठन के माध्यम से जयपुर तक पहुंचाने के साथ ही अधिक से अधिक युवाओं को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ने के लिए सक्रिय रूप से कार्य किया जाएगा।
संगठन को मजबूत करने की उम्मीद
सभापति प्रत्याशी संजय भाटी ने नोमान सैयद के यूथ कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष निर्वाचित होने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि युवाओं को संगठन में जिम्मेदारी मिलना सकारात्मक संकेत है। नोमान सैयद ऊर्जावान युवा हैं और उम्मीद है कि वे युवाओं के बीच संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।











