आचार संहिता लागू होने के दो दिन बाद भी दीवारों पर चस्पा हैं पोस्टर, सरकारी कार्यालय में नियमों की पालना पर उठे सवाल!
खेतड़ी। झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
पंचायत चुनाव को लेकर 3 अक्टूबर से आदर्श आचार संहिता लागू होने के बावजूद खेतड़ी पंचायत समिति परिसर में इसकी पालना को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आचार संहिता लागू हुए दो दिन बीत जाने के बाद भी पंचायत समिति परिसर की दीवारों पर पोस्टर और प्रचार सामग्री लगी हुई नजर आ रही है। सरकारी कार्यालय परिसर में ही चुनावी प्रचार सामग्री का नहीं हटना प्रशासनिक स्तर पर बरती जा रही गंभीरता पर सवाल खड़े कर रहा है।
पंचायत समिति परिसर में विभिन्न स्थानों पर दीवारों पर पोस्टर चस्पा हैं। नियमानुसार आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद सार्वजनिक एवं सरकारी परिसरों में लगी राजनीतिक प्रचार-प्रसार से संबंधित पोस्टर, बैनर एवं अन्य प्रचार सामग्री हटाई जानी चाहिए। इसके बावजूद पंचायत समिति परिसर में प्रचार सामग्री का बने रहना व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
खास बात यह है कि पंचायत समिति परिसर में विकास अधिकारी सहित विभिन्न अधिकारी-कर्मचारियों का नियमित आवागमन रहता है। इसके बावजूद दीवारों पर लगे पोस्टरों को समय रहते नहीं हटाया गया। इससे यह सवाल भी उठ रहा है कि जब पंचायत समिति जैसे सरकारी परिसर में ही आचार संहिता की प्रभावी पालना सुनिश्चित नहीं हो पा रही है तो ग्रामीण क्षेत्रों में नियमों की निगरानी और अनुपालना किस तरह होगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता का उद्देश्य सभी प्रत्याशियों एवं राजनीतिक दलों को समान अवसर उपलब्ध करवाते हुए चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखना है। ऐसे में सरकारी कार्यालय परिसर से प्रचार सामग्री तत्काल हटाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।
सरकारी परिसर में ही नियमों की अनदेखी का संदेश जाने से आमजन के बीच प्रशासन की गंभीरता को लेकर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है। लोगों ने प्रशासन से खेतड़ी पंचायत समिति परिसर सहित पूरे क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता की प्रभावी पालना सुनिश्चित करवाने, सार्वजनिक एवं सरकारी स्थानों से चुनावी प्रचार सामग्री तत्काल हटाने तथा संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश देने की मांग की है।
खेतड़ी में जिला परिषद, पंचायत समिति सदस्य एवं सरपंच के चुनाव चौथे चरण में प्रस्तावित हैं। इसके लिए 3 अक्टूबर को आदर्श आचार संहिता लागू हो चुकी है। विकास अधिकारी घनश्याम ने बताया कि प्रचार सामग्री हटाने के लिए कर्मचारी लगाए गए हैं। जल्द ही पंचायत समिति परिसर से भी पोस्टर एवं अन्य प्रचार सामग्री हटाकर आदर्श आचार संहिता के नियमों की पालना सुनिश्चित की जाएगी।












