Advertisement
Home राजस्थान हनुमानगढ डेयरी फार्मिंग प्रशिक्षण में सीखे स्वरोजगार के गुर, 27 प्रतिभागियों को मिले...

डेयरी फार्मिंग प्रशिक्षण में सीखे स्वरोजगार के गुर, 27 प्रतिभागियों को मिले प्रमाण पत्र

आरसेटी के 12 दिवसीय निशुल्क प्रशिक्षण का समापन; पशुपालन, नस्ल सुधार और रोग निदान की दी गई व्यावहारिक जानकारी

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

हनुमानगढ़। हिमांशु मिड्ढा
भारतीय स्टेट बैंक द्वारा प्रायोजित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) की ओर से आरपीएल एनिमल लघु उद्यमी डेयरी फार्मिंग विषय पर आयोजित 12 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोहपूर्वक हुआ। प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रतिभागियों को डेयरी व्यवसाय के जरिए स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना रहा।समापन समारोह की अध्यक्षता आरसेटी निदेशक बिधु शंकर ने की। उन्होंने संस्थान की ओर से संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए प्रतिभागियों से भविष्य में आयोजित होने वाले डेयरी फार्मिंग प्रशिक्षणों का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इच्छुक प्रशिक्षणार्थी अपनी जरूरत के अनुसार स्वरोजगार के लिए ऋण आवेदन भी कर सकते हैं।

डेयरी व्यवसाय से जुड़ी तकनीकों की दी जानकारी

प्रशिक्षण के दौरान बिधु शंकर ने डेयरी व्यवसाय में आने वाली विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए घरेलू एवं वैज्ञानिक उपायों की जानकारी दी। इसके साथ ही पशुओं की नस्ल सुधार, कृत्रिम घास तथा पशु रोगों की पहचान एवं निदान से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी प्रशिक्षणार्थियों को जानकारी प्रदान की गई।प्रशिक्षणार्थियों को डेयरी व्यवसाय को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने तथा पशुपालन से बेहतर आय अर्जित करने के लिए जरूरी जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का संचालन प्रशिक्षक गगनदीप वर्मा ने किया।

27 प्रतिभागियों को वितरित किए प्रमाण पत्र

12 दिवसीय निशुल्क प्रशिक्षण में कुल 27 प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। परीक्षा का मूल्यांकन डोमेन असेसर राजवीर सिंह एवं शशांक यादव ने किया।
आरसेटी निदेशक ने बताया कि संस्थान में जल्द ही सॉफ्ट टॉयज, फैशन डिजाइनिंग और फास्ट फूड उद्यमी सहित अन्य प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे। इच्छुक लोग संस्थान में पंजीकरण करवाकर इन प्रशिक्षण शिविरों में भाग ले सकते हैं।समापन अवसर पर अनुदेशक मुकेश भानुशाली, अनुदेशक अनिल सिंह राठौड़, कार्यालय सहायक गणेशराम, कार्यालय सहायक रितिक अरोड़ा, सूरज कुमार, विकास सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

 

Advertisement