सोहली गांव के सात युवाओं का भारतीय सेना में चयन, ग्रामीणों ने किया सम्मान

पूर्व सैनिकों के मार्गदर्शन और युवाओं की मेहनत लाई रंग, गांव में खुशी की लहर

खेतड़ी । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
बुहाना क्षेत्र के सोहली गांव एक बार फिर अपनी गौरवशाली सैन्य परंपरा के कारण चर्चा में है। गांव के सात युवाओं का भारतीय सेना की अगनीवीर योजना में चयन होने पर पूरे गांव में खुशी और उत्साह का माहौल है। शनिवार को गांव के खेल मैदान में आयोजित सम्मान समारोह में युवा संगठन एवं ग्रामीणों ने चयनित युवाओं का माल्यार्पण कर स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ग्रामीणों ने बताया कि गांव की मिट्टी में देश सेवा का जज्बा रचा-बसा है। चयनित युवाओं ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। उनकी सफलता के पीछे गांव के पूर्व सैनिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, जो सेवानिवृत्ति के बाद भी युवाओं को सेना भर्ती की तैयारी के लिए शारीरिक एवं मानसिक प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं। पूर्व सैनिक नियमित रूप से खेल मैदान में युवाओं का मार्गदर्शन करते हैं और उनमें राष्ट्रसेवा की भावना विकसित कर रहे हैं। इसी का परिणाम है कि गांव के युवा लगातार भारतीय सेना और विभिन्न सुरक्षा बलों में चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि गांव को सैनिकों के गांव के रूप में पहचान मिली हुई है। यहां अधिकांश परिवारों से एक या अधिक सदस्य भारतीय सेना अथवा सुरक्षा बलों में सेवाएं देकर देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं। ग्रामीणों ने चयनित युवाओं की इस उपलब्धि को पूरे गांव के लिए गर्व का विषय बताया। इस मौके पर रविन्द्र, सुनील, जयप्रकाश, विकास, अनिम, साहिल, सुरेंद्र , विजेश, मनोज कुमार, अजय कुमार, मुन्ना लाल, अजीत, सतीश कुमार, सतेंंद्र सहित अनेक लोग मौजूद रहें ।