बाबा वरिष्ठ गिरि महाराज की बरसोदी, एवं निर्माण कार्य पूर्ण होने पर होगा भव्य आयोजन, संत-महात्माओं के सान्निध्य में गूंजेगी भक्ति की स्वर लहरियां
बुडाना। झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
धर्म, सेवा और गौसंरक्षण की पावन भावना को समर्पित श्री महन्त बाबा आकाशगिरि गौशाला परिसर में आगामी 1 एवं 2 जून को भव्य धार्मिक महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। बाबा वरिष्ठ गिरि जी महाराज की चरसादी तथा गौशाला में संपन्न निर्माण कार्यों के उपलक्ष्य में आयोजित इस दो दिवसीय कार्यक्रम को लेकर क्षेत्रभर में श्रद्धा और उत्साह का वातावरण बना हुआ है। आयोजन समिति ने इसे क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक चेतना का ऐतिहासिक आयोजन बताया है। आकाशगिरि गौशाला सेवा समिति एवं समस्त ग्रामवासियों के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस आयोजन में 1 जून, सोमवार की रात्रि 9:15 बजे से भव्य रात्रि जागरण आयोजित होगा। जागरण में भजन, कीर्तन और संतवाणी के माध्यम से श्रद्धालु पूरी रात प्रभु भक्ति में लीन रहेंगे। इसके पश्चात 2 जून, मंगलवार को प्रातः 10:15 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के प्रसाद ग्रहण करने की संभावना है। कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक सजनदास जी अपनी संगीतमय प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे। वहीं ललित आर्ट ग्रुप, भिवानी द्वारा प्रस्तुत मनोहारी धार्मिक झांकियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेंगे। संत-महात्माओं के सान्निध्य में होने वाला यह आयोजन क्षेत्र के लोगों के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा और सामाजिक समरसता का संदेश लेकर आएगा। आयोजन समिति ने बताया कि गौशाला में हाल ही में कराए गए निर्माण कार्यों के पूर्ण होने के उपलक्ष्य में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के श्रद्धालुओं को एक मंच पर जोड़ने के साथ-साथ गौसेवा के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी। समिति के पदाधिकारियों ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों, गौभक्तों एवं श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया है। गौरतलब है कि श्री महन्त बाबा आकाशगिरि गौशाला वर्षों से गौसेवा, धार्मिक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों का प्रमुख केंद्र रही है। ऐसे में यह आयोजन न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, बल्कि ग्रामीण संस्कृति, लोकपरंपरा और सामाजिक एकता का भी प्रेरक उदाहरण बनेगा। कार्यक्रम श्री महन्त बाबा आकाशगिरि गौशाला, पकोडी डाणी बुडाना, (झुंझुनूं) में आयोजित होगा वहीं 1 जून 2026 (सोमवार) – रात्रि 9:15 बजे से भव्य जागरण और 2 जून 2026 (मंगलवार) – प्रातः 10:15 बजे से विशाल भंडारा होगा I कार्यक्रम में विशेष आकर्षण – सजनदास जी के भजन एवं ललित आर्ट ग्रुप, भिवानी की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहेंगी । “गौसेवा, संतवाणी और लोकभक्ति का यह महोत्सव क्षेत्र की आध्यात्मिक परंपरा को नई ऊंचाई देने वाला साबित होगा।”










