ढूकिया हॉस्पिटल में सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का विस्तार

अब पेट, लीवर और न्यूरो रोगों का इलाज जिले में ही, जयपुर जाने की जरूरत नहीं

झुंझुनूं। अजीत जांगिड़

जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाते हुए ढूकिया हॉस्पिटल में सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का विस्तार किया गया है। अस्पताल में अब पेट, आंत एवं लीवर रोग विशेषज्ञ डॉ. नवीन महला तथा न्यूरो विशेषज्ञ डॉ. जोगिन्दर सिंह झाझड़िया नियमित रूप से अपनी सेवाएं देंगे। अस्पताल निदेशक डॉ. मोनिका ढूकिया ने बताया कि अस्पताल में एंडोस्कोपी, कोलोनोस्कोपी, ईआरसीपी, पेट-आंत व लीवर रोगों की जांच एवं उपचार, सिलियक रोग, आंतों में ब्लॉकेज, अग्नाशय संबंधी समस्याओं सहित न्यूरो से जुड़ी गंभीर बीमारियों का उपचार एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा सिर व दिमाग की चोट, ब्रेन ट्यूमर, दिमाग की नस फटना, मिर्गी, रीढ़ की हड्डी के फ्रैक्चर, ट्यूमर एवं स्लिप डिस्क जैसी समस्याओं का विशेषज्ञ उपचार भी अस्पताल में संभव होगा। डॉ. मोनिका ढूकिया एवं यूरोलॉजिस्ट डॉ. विजय ओला ने दोनों विशेषज्ञ चिकित्सकों का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर एमडी फिजिशियन डॉ. इरफान नजीर, हड्डी एवं जोड़ प्रत्यारोपण विशेषज्ञ डॉ. रामनिवास स्वर्णकार, लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. अमित चौधरी तथा सोनोलॉजिस्ट डॉ. विनोद जागिड़ भी मौजूद रहे। अस्पताल प्रशासन के अनुसार सभी सुविधाएं ईसीएचएस, ईएसआईसी, आरजीएचएस एवं मां योजना के अंतर्गत कैशलेस उपलब्ध हैं, जिससे मरीजों को किफायती दरों पर उच्च स्तरीय उपचार मिल सकेगा। अस्पताल में 32 स्लाइस सीटी स्कैन एवं एडवांस कलर डॉपलर सोनोग्राफी सुविधाएं भी 24 घंटे उपलब्ध हैं। विशेषज्ञ सेवाओं के इस विस्तार से शेखावाटी क्षेत्र के मरीजों को अब बड़े शहरों की दौड़ से राहत मिलेगी तथा जिले में ही आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।