बीकानेर, नागौर, नीमराणा और अलवर में छिपता फिर रहा था भीम सिंह, सुलताना पुलिस ने लगातार दबिश देकर किया गिरफ्तार
झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
जिले की सुलताना थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए पिछले 10 वर्षों से फरार चल रहे स्थाई वारंटी भीम सिंह को गिरफ्तार कर लिया। वर्षों से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर अलग-अलग शहरों में फरारी काट रहे आरोपी को आखिरकार सुलताना पुलिस की सतर्क निगरानी, मुखबिर तंत्र और लगातार दबिशों के चलते गिरफ्तार कर लिया गया। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत तथा चिड़ावा वृत्ताधिकारी विकास धींधवाल के सुपरविजन में की गई। थाना सुलताना के थानाधिकारी रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने लंबे समय तक आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उसे धर दबोचा।
पुलिस के अनुसार वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्थाई वारंटी भीम सिंह की तलाश के लिए टीम गठित की गई थी। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और बीकानेर, नागौर, नीमराणा तथा अलवर सहित कई क्षेत्रों में छिपकर रह रहा था। पुलिस टीम ने लगातार पीछा करते हुए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी और मुखबिरों से मिली सटीक सूचना के आधार पर आखिरकार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भीम सिंह पुत्र गुमान सिंह राजपूत निवासी केहरपुरा कलां थाना सुलताना जिला झुंझुनूं के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। टीम में रविन्द्र कुमार, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी सुलताना , राजेन्द्र कुमार, सहायक उप निरीक्षक , प्रकाश कुमार, कांस्टेबल , दिनेश कुमार, कांस्टेबल , जोगेन्द्र कुमार, कांस्टेबल ने अहम भूमिका निभाई I
जिले में फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।













