तेज रफ्तार में कार पलटी, तीन दोस्तों की मौत, एक गंभीर घायल

मृतक तीनों झुंझुनूं शहर के रहने वाले, मंड्रेला रोड पर ईशरपुरा के पास हुआ हादसा

झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
तेज रफ्तार कार पलटने से तीन दोस्तों की मौत हो गई। वहीं कार चला रहा युवक गंभीर घायल हो गया। हादसा धनूरी थाना में झुंझुनूं-मंड्रेला रोड पर शनिवार देर रात लगभग 1 बजे हुआ। चारों दोस्त भजन संध्या में शामिल होकर झुंझुनूं शहर लौट रहे थे। जहां हादसा हुआ। वह जगह झुंझुनूं शहर से 5 किलोमीटर दूर है। धनूरी थाने के एसएचओ संजय गौतम ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि सड़क पर अचानक जानवर आने के कारण ड्राइवर कार पर नियंत्रण खो बैठा। कार की स्पीड ज्यादा होने के कारण वह कई बार पलटी। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार एक्सीडेंट इतना भयावह था कि कार तीन से चार बार पलटी खाते हुए 15 फीट दूर खेत में आ गई। एक युवक का शव हादसे के करीब एक घंटे बाद खेत के दूसरे छोर पर मिला। एसएचओ संजय गौतम ने बताया कि झुंझुनूं के रानी सती मंदिर के पास रहने वाला 21 वर्षीय गौरव सैनी तथा जितेंद्र वालिया सोनासर स्थित हीरा की ढाणी के एक आश्रम में गए थे। जहां पर भजन संध्या थी। वहां पर गौरव व जितेंद्र को उनके दोस्त चौमालों का मोहल्ला निवासी 33 वर्षीय सुनिल शुक्ला तथा विजय ढंढ मिले। देर रात करीब साढ़े बारह बजे चारों एक साथ झुंझुनूं शहर लौट रहे थे। सड़क पर अचानक आए जानवर को बचाने के चक्कर में उनकी वरना कार अनियंत्रित हो गई। आसपास के लोगों ने जानकारी दी कि कार ने तीन से चार बार पलटी खाई और खेत में आ गई। हादसे में सुनील, गौरव और विजय की मौके पर ही मौत हो गई। इनके पीछे दो से तीन कारें और थीं। उनमें सवार लोग मौके पर रुके। शवों को अपनी गाड़ियों में डालकर झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल पहुंचे। वहीं कार चला रहा युवक जितेंद्र वालिया गंभीर घायल हो गया। उसे भी इलाज के लिए बीडीके हॉस्पिटल लेकर आए। हालत गंभीर होने पर उसे जयपुर के एसएमएस हॉस्पिटल रेफर किया गया। मौके पर मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि देर रात धमाके जैसी आवाज आई तो हम दौड़कर सड़क पर आए। यहां धूल का गुबार उठा हुआ था। खेत में पड़ी एक कार के पूरी तरह परखच्चे उड़ गए थे। ऐसा लग रहा था कि कार अनियंत्रित होकर हवा में उछलकर खेत में गिरी है। क्योंकि तीन लोग दो मृतक और एक घायल कार के पास ही थे। वहीं एक युवक का शव खेत के दूसरे छोर पर एक घंटे बाद मिला। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त गाड़ी को खेत से हटवाया।

बाइक छोड़ कार में बैठे, दोस्त ने कहा था — रात में मोटरसाइकिल से जाना ठीक नहीं

झुंझुनूं में सड़क हादसे में 3 दोस्तों की मौत हो गई। एक दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे जयपुर के एसएमएस हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। परिजनों ने बताया कि चारों दोस्त घर से 13 किलोमीटर दूर भजन संध्या में गए थे। रात एक बजे कार्यक्रम समाप्त हुआ। रात अधिक होने के कारण दो दोस्तों ने बाइक वहीं खड़ी कर दी। एक दोस्त की कार से चारों कार से चारों घर के लिए रवाना हुए। घर से 5 किलोमीटर पहले कार के सामने मवेशी आने से कार अनियंत्रित होकर 4 बार पलटी खाते हुए सड़क से खेत में जाकर खड़ी हो गई। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक का शव कार से 10 फीट दूर खेत में मिला। परिजनों ने बताया कि सोनसर स्थित हीरा की ढाणी में भजन संध्या का कार्यक्रम था। रात को भजन संध्या समाप्त हुई। तो 1 बज गया था। गौरव और सुनील अपनी बाइक से सोनासर ढाणी से झुंझुनूं लौटने के लिए तैयार थे। उनके साथी जितेंद्र वालिया ने उन्हें कहा कि रात बहुत ज्यादा हो गई है, इतनी लेट बाइक से झुंझुनूं जाना सेफ नहीं है। बाइक यहीं मंदिर में खड़ी कर दो। हम सब साथ में कार से चलते हैं। उन्होंने अपनी बाइक मंदिर में ही खड़ी कर दी। इसके बाद चारों वहां से वरना कार में सवार होकर निकले और सोनासर-धनुरी मार्ग पर हादसा हो गया।

परिवार में इकलौता कमाने वाला था विजय

विजय के दोस्त अमित सोनी ने बताया कि तीनों हमेशा से ही साथ रहते थे। कहीं भी जाना हो एक साथ ही जाते थे। विजय (35) के कंधों पर पूरे घर की जिम्मेदारी थी। परिवार में 2 छोटे भाई और एक छोटी बहन और बूढ़े मां-बाप हैं। विजय हलवाई का काम करता था। उसका विवाह नहीं हुआ था। घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। विजय ही इकलौता कमाने वाला था। गौरव के दोस्त दिनेश कुमार सैनी ने बताया कि वार्ड 53 के रहने वाले गौरव सैनी (21) बहुत ही शांत स्वभाव का था। उसके पिता लंबे समय से गंभीर रूप से बीमार हैं। गौरव ही उनकी सेवा करता था और इलाज का खर्च उठा रहा था। अब गौरव के घर में कमाने वाला कोई नहीं है। उसका एक छोटा भाई है। सुनील के मित्र अमित सोनी ने बताया कि सुनील शुक्ला (33) पुत्र पंडित दीनदयाल शादी में पंडित का काम करता था। इसी से अपने परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था। समाज सेवा और अपने मोहल्ले में होने वाले धार्मिक कार्यक्रम में सुनील सबसे आगे रहता था।

SIKAR : सिर्फ ₹1 में शादी!  दहेज को ठुकराकर युवक बना मिसाल | सीकर की प्रेरक कहानी

चूरू में 12 किलो गांजा बरामद । बिना नंबर की इलेक्ट्रिक स्कूटी सहित आरोपी गिरफ्तार

चूरू अस्पताल में बड़ा हादसा टला,  ऑक्सीजन प्लांट के पास आग, ड्यूटी पर शराबी फायरमैन गिरफ्तार