झुंझुनूं में हीट वेव का अलर्ट: स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी जारी, दोपहर में बाहर निकलने से बचें

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिले में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने आमजन के लिए हीट वेव से बचाव को लेकर विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है, ताकि लू से होने वाली बीमारियों से बचा जा सके। सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने बताया कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए। यदि किसी कारणवश बाहर जाना पड़े तो सिर को कपड़े या टोपी से ढककर रखें और हल्के, ढीले व सूती कपड़े पहनें। उन्होंने अधिक से अधिक पानी, छाछ, नींबू पानी और ओआरएस का सेवन करने की सलाह दी, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, तेज धूप में कार्य करने वाले लोग समय-समय पर छांव में विश्राम करें और खुद को हाइड्रेट रखें। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं का ध्यान रखने पर जोर दिया गया है।

क्या करें :—

दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं , छांव में रहें और तेज धूप से बचें , सिर को कपड़े या टोपी से ढकें , हल्का और सुपाच्य भोजन करें I

क्या न करें :—

खाली पेट धूप में बाहर न निकलें , अत्यधिक तली-भुनी चीजों से परहेज करें , शराब, चाय और कॉफी का अधिक सेवन न करें ।

विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि किसी व्यक्ति को चक्कर आना, सिरदर्द, उल्टी या बेहोशी जैसे लक्षण महसूस हों, तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। समय पर उपचार मिलने से हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर स्थिति से बचा जा सकता है। इस बीच, स्वास्थ्य विभाग ने सभी चिकित्सा संस्थानों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इनमें पर्याप्त दवाइयां, आइस पैक, त्रिपाल, एम्बुलेंस की उपलब्धता, ठंडे पेयजल की व्यवस्था, भर्ती वार्डों में पंखे व कूलर, तथा मरीजों के परिजनों के बैठने की उचित व्यवस्था शामिल है। डिप्टी सीएमएचओ डॉ. भंवर लाल सर्वा ने सीएचसी बगड़ और एसडीएच चिड़ावा का दौरा कर हीट वेव से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया। स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि गर्मी के इस मौसम में सतर्क रहें और आसपास के लोगों को भी जागरूक करें, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके।