झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
महात्मा ज्योतिबा फुले को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न देने की मांग को लेकर भीम आर्मी भारत एकता मिशन द्वारा जिला कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन भीम आर्मी जिलाध्यक्ष विकास आल्हा के नेतृत्व में दिया गया। ज्ञापन में बताया गया कि महात्मा ज्योतिबा फुले भारत के महान समाज सुधारक, शिक्षाविद् एवं समानता के अग्रदूत थे। जिन्होंने समाज में व्याप्त जाति-पाति, छुआछूत और लैंगिक भेदभाव के खिलाफ आजीवन संघर्ष किया। भीम आर्मी के प्रतिनिधियों ने कहा कि फुले ने अपनी पत्नी सावित्रीबाई फुले के साथ मिलकर देश का पहला बालिका विद्यालय शुरू किया। जो उस समय एक ऐतिहासिक और क्रांतिकारी पहल थी। उनके प्रयासों से शिक्षा का व्यापक प्रसार हुआ और समाज में जागरूकता आई। इसके साथ ही उन्होंने सत्यशोधक समाज की स्थापना कर सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आंदोलन चलाया और समाज को समानता, स्वतंत्रता एवं बंधुत्व का संदेश दिया। भीम आर्मी भारत एकता मिशन झुंझुनूं ने अपने ज्ञापन में मांग की कि महात्मा फुले के अतुलनीय योगदान को देखते हुए उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया जाए। जिससे उनके आदर्शों को और अधिक बढ़ावा मिल सके। इस अवसर पर आजाद समाज पार्टी जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह चारावास, भीम आर्मी विधानसभा अध्यक्ष कमलेश काला, मंडावा विधानसभा अध्यक्ष सुदर्शन मेहरिया, एडवोकेट राकेश सबलानिया, अशोक, राजेश गोठवाल, मनोज मेहरानिया बजावा, अरविंद कुमावस, विक्रम इंडाली सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

















