विधायक सहारण व जिला कलक्टर सुराणा ने किया राजसखी मेले शुभारंभ
चूरू। विधायक हरलाल सहारण व जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने मंगलवार को चूरू चौपाटी में आयोजित राजसखी मेले और राजस्थान स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ओडीओपी प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विधायक हरलाल सहारण, जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा, पूर्व उप जिला प्रमुख महेंद्र न्यौल, सीईओ श्वेता कोचर, बसंत शर्मा सहित अतिथियों ने गणेश प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अतिथियों ने राजीविका व ओडीओपी उत्पादों की लगाई गई स्टालों का अवलोकन कर उत्पादों की जानकारी लेते हुए कला और कौशल की सराहना की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि राजसखी मेला स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के साथ महिलाएं आत्मनिर्भर हो रही हैं। उन्होंने कहा कि ओडीओपी (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) योजना के माध्यम से जिले के विशिष्ट उत्पादों को पहचान और स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहन मिल रहा है। जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देते हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं द्वारा बनाए जा रहे उत्पाद गुणवत्ता और विविधता के मामले में किसी से कम नहीं हैं। बसंत शर्मा ने कहा कि ओडीओपी प्रदर्शनी जिले की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों के प्रचार-प्रसार से कारीगरों को नई संभावनाएं मिल रही हैं। इस दौरान अतिथियों ने राजीविका व ओडीओपी उत्पादों की स्टालों का अवलोकन किया। कार्यक्रम के दौरान कमला, बाला, मंजू, शारदा, रंजना कुमावत, सरोज, राजनंदिनी, लिछमा व रेणु आदि राजीविका महिलाओं को अतिथियों ने टैबलेट प्रदान किए। इसी क्रम में ग्रीन डेज इंटीरियो, द सीएसआर इन्वेस्टर्स, ड्रीम होम इंटीरियर्स, फलोरेस्टा वुड आदि उद्यमियों को ओडीओपी नीति अंतर्गत सहायता राशि के चेक प्रदान किए व चूरू जिले ओडीओपी उत्पादों के लिए तैयार कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। अतिथियों ने राजीविका की आजीविका ग्रामीण एक्सप्रेस योजना के अंतर्गत एकता सीएलएफ थैलासर व जयश्री बालाजी सीएलएफ सुजानगढ़ आदि 02 सीएलएफ को वाणिज्यिक वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विभिन्न स्टालों पर जाकर उत्पादों की गुणवत्ता, निर्माण प्रक्रिया और विपणन से जुड़ी जानकारी भी ली तथा महिला समूहों को प्रोत्साहित किया। एसीईओ व राजीविका डीपीएम भागचंद खारिया ने अतिथियों का स्वागत कर कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। उद्योग महाप्रबंधक नानूराम गहनोलिया ने ओडीओपी प्रदर्शनी की जानकारी दी। इस दौरान भास्कर शर्मा, सुरेश सारस्वत, सीपी शर्मा, नारायण बेनीवाल, नरेंद्र कंवल, रजत शर्मा, सांख्यिकी उपनिदेशक डॉ. रामगोपाल सेपट, उद्योग सहायक आयुक्त उजाला, रमेश शर्मा, इमरान खान, मुकेश महर्षि सहित अनेक लोग मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन प्रियंका चौधरी ने किया।
















