श्री गोपाल गौशाला झुंझुनूं में गौवंश को मिलेगी राहत

0
9

मुंबई प्रवासी सुशील रामस्वरूप गाडिया के सौजन्य से लगेंगे 250 काउमेट

झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
शहर की ऐतिहासिक लगभग 125 वर्ष पुरानी गौसेवा को समर्पित श्री गोपाल गौशाला अब आधुनिक सुविधाओं से लैस होने जा रही है। गौवंश की सेवा और सुविधा को विस्तार देने के उद्देश्य से गौशाला के पदाधिकारियों ने हिसार (हरियाणा) स्थित प्रसिद्ध श्री हरियाणा कुरुक्षेत्र गौ चिकित्सालय एवं गौशाला का सघन अवलोकन किया। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य वहां की व्यवस्थाओं को देख झुंझुनूं में नए नवाचार लागू करना था। इस दौरे के दौरान गौवंश की सुख-सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। जिसमें मुंबई प्रवासी दानदाता सुशील रामस्वरूप गाडिया के सौजन्य से गौशाला में गायों के बैठने के लिए 250 विशेष रबड़ के गद्दे लगाए जाएंगे। इसके लिए हिसार के भठिंडा बेल्टिंग एंड मशीनरी स्टोर्स के माध्यम से डायरेक्ट मैन्युफैक्चरर यूनिट को ऑर्डर दे दिया गया। गौशाला की व्यवस्था को और अधिक सुंदर बनाने के लिए दो नवीनतम सब्जी काटने की मशीनें और गायों की सुविधा के लिए 10 विशेष ब्रुश मंगवाने का निर्णय लिया गया। मंदिर और गौशाला परिसर के लिए एक आकर्षक दान पेटिका (हुंडी) भी मंगवाई गई है। हिसार में श्रीगोपाल गौशाला अध्यक्ष प्रमोद खंडेलिया, मंत्री प्रदीप पाटोदिया एवं डॉ. डीएन तुलस्यान ने हिसार प्रवास के दौरान वहां के मंत्री सत्यप्रकाश राजलीवाले के साथ लगभग 3,500 गौवंश वाली गौशाला का निरीक्षण किया। श्रीगोपाल गोशाला झुंझुनूं के पदाधिकारियों ने हिसार गौशाला के मंत्री सत्यप्रकाश राजलीवाला, भठिंडा बेल्टिंग स्टोर्स के एफसी गर्ग एवं हिसार सिलिकेट कंपनी के प्रोपराइटर राजेंद्र प्रसाद मोदी को दुपट्टा, साफा और गौ माता का प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। हिसार के भठिंडा बेल्टिंग स्टोर्स के एफसी गर्ग, प्रवीण गर्ग एवं जितेश गर्ग के साथ-साथ हिसार सिलिकेट कंपनी के प्रोपराइटर राजेंद्र प्रसाद मोदी एवं संदीप मोदी ने भी झुंझुनूं गौशाला के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए आर्थिक सहयोग प्रदान किया।

इनका कहना है —

हमारा प्रयास है कि झुंझुनूं की श्री गोपाल गौशाला को आदर्श गौशाला बनाया जाए। हिसार में देखी गई आधुनिक व्यवस्थाओं को हम यहाँ धरातल पर उतारेंगे ताकि गौवंश को हर संभव सुविधा मिल सके।
— प्रमोद खंडेलिया, अध्यक्ष एवं प्रदीप पाटोदिया, मंत्री

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here