चूरू। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार कृषक कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश सरकार की फलैगशिप योजनाओं से कृषि गतिविधियों में अनुदान व सहयोग मिलने से किसान समृद्ध हो रहे हैं। ऐसा ही एक उदाहरण है चूरू जिले के सरदारशहर उपखंड के कल्याणपुरा बीदावतान निवासी सीताराम का, जिन्हें प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना / राष्ट्रीय कृषि विकास योजना अंतर्गत खेत तलाई निर्माण पर 1 लाख 20 हजार रुपये का अनुदान मिलने से उन्हें आर्थिक सहयोग मिला है और खेत तलाई निर्माण होने पर उनका फसल उत्पादन बढ़ा है।सीताराम बताते हैं कि उनके खेत में अधिकतर असिंचित भूमि है। इस कारण वर्षा जल के अभाव में वह पूरी भूमि पर खेती नहीं कर पा रहे थे। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तो प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना की जानकारी मिलने पर उन्होंने ई-मित्र के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया। आवेदन के बाद स्वीकृति जारी होकर उन्होंने अपने खेत में खेत तलाई का निर्माण करवाया, जिस पर उन्हें 1 लाख 20 हजार रुपये का अनुदान मिला। वह कहते हैं कि अनुदान से आर्थिक सहयोग मिलने से उन्हें किसी से कर्ज नहीं लेना पड़ा और खेत तलाई का निर्माण सरलता से संभव हो पाया। सीताराम बताते हैं कि अब वह वर्षा खेत तलाई में जल संग्रहण कर अपने खेत में जीवन रक्षक सिंचाई कर पा रहे हैं। अब उनके खेत में फसलों का उत्पादन बढ़ा है और खेती अधिक लाभकारी बन गई है। अब वह पहले की तुलना में अधिक भूमि पर खेती कर रहे हैं, जिससे उनकी आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।सीताराम मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहते हैं कि केन्द्र व प्रदेश सरकार के जनकल्याणकारी निर्णयों व योजनाओं से कृषक समृद्ध हो रहे हैं। यह योजना किसानों के लिए बहुत उपयोगी है और उन्होंने अन्य किसानों से भी अपील की है कि वे सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर अपनी खेती को और अधिक सशक्त बनाएं।















