पूर्व छात्र परिषद उत्सव एवं फागोत्सव स्मृति धारा-2026 का शानदार आयोजन
झुंझुनू । अजीत जांगिड़
श्री राधेश्याम आर मोरारका राजकीय पीजी महाविद्यालय ने एक विशेष नवाचार करते हुए होली के रंगों के साथ महाविद्यालय के पूर्व छात्रों को फिर से मिलाने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। महाविद्यालय में रविवार को पूर्व छात्रों को छात्र परिषद उत्सव एवं फागोत्सव स्मृति धारा–2026’ का प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र सिंह न्योला की अध्यक्षता में रंगारंग आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महाविद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों, वर्तमान छात्र-छात्राओं एवं प्राध्यापकों के मध्य संवाद, सहयोग एवं सांस्कृतिक समन्वय को सुदृढ़ करना रहा। विशिष्ट अतिथि के रूप में महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य डॉ. पीके धायल, प्रोफेसर डॉ. मनोज कुल्हार तथा मोरारका ट्रस्ट के संजय शर्मा रहे। अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रो. सुरेंद्र सिंह न्योला ने पूर्व छात्रों को महाविद्यालय की अमूल्य धरोहर बताते हुए उनके सतत सहयोग की सराहना की। विशिष्ट अतिथियों ने भी महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं की प्रशंसा करते हुए छात्र-छात्राओं को उत्कृष्टता की ओर अग्रसर रहने के लिए प्रेरित किया। आईक्यूएसी समन्वयक प्रोफेसर डॉ. मंजू चौधरी ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए पूर्व छात्र परिषद की गतिविधियों, उपलब्धियों एवं भावी योजनाओं पर प्रकाश डाला तथा उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने पूर्व छात्रों की महाविद्यालय के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए उनके सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की। कार्यक्रम के दौरान पूर्व विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए तथा महाविद्यालय से जुड़ी स्मृतियों को पुनर्जीवित किया। इस दौरान फागोत्सव के अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समूचे वातावरण को उत्साह एवं उल्लास से भर दिया। कार्यक्रम समन्वयक डॉ. वेदप्रकाश ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बताया कि यह आयोजन पूर्व छात्रों और वर्तमान विद्यार्थियों के मध्य सुदृढ़ संबंधों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ। मंच का सफल संचालन सह आचार्या डॉ. आकांक्षा डूडी, सह आचार्या डॉ. बरखा सिंह एवं पूर्व छात्रा हर्षिता ने किया।















