उद्घाटन के समय ही बच्ची के जन्म को लोगों ने बताया शुभ संकेत
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
विधानसभा क्षेत्र झुंझुनूं की पंचायत इस्लामपुर स्थित राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का रविवार को विधायक राजेंद्र भांबू ने विधिवत फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर विधायक भांबू ने कहा कि सीएचसी के शुरू होने से इस्लामपुर पंचायत सहित आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को अब गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सकेंगी। गंभीर रोगियों को जिला मुख्यालय जाने की मजबूरी कम होगी और समय पर उपचार संभव हो पाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। समारोह के दौरान ही स्वास्थ्य केंद्र में ग्राम भड़ौंदा कलां निवासी कृष्ण कुमार की पत्नी काजल कुमारी ने एक स्वस्थ पुत्री को जन्म दिया। उद्घाटन के साथ ही नवजात के जन्म को उपस्थित जनसमूह ने शुभ संकेत बताते हुए खुशी जाहिर की। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व उप जिला प्रमुख बनवारीलाल सैनी ने की। इस दौरान विश्वंभर पूनियां, मुकेश पातुसरी, सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर, चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप छाबा, पारस लाखलाण, डॉ. नेहा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं महिलाएं भी समारोह में शामिल हुई। विधायक भांबू ने इस सौगात के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का निरंतर विस्तार हो रहा है। समारोह के अंत में ग्रामीणों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की सौगात के लिए विधायक एवं राज्य सरकार का धन्यवाद ज्ञापित किया।
राजस्थान बजट 2026 ऐतिहासिक: राजेन्द्र राठौड़ | चहुँमुखी विकास वाला बताया
‘एक शाम शहीदों के नाम’ | देशभक्ति गीत-कविता से भावुक हुआ सभागार
चूरू आयुष शिविर में 700 मरीजों का उपचार | विधायक हरलाल सहारण ने की सराहना
चूरू में लग्जरी कार से 2 किलो अफीम बरामद | NH-52 पर DST-Sadar पुलिस की बड़ी कार्रवाई














