विद्या संबल योजना के तहत छात्रावासों में कोचिंग के लिए गेस्ट फैकल्टी के आवेदन आमंत्रित

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित विद्यालय स्तरीय छात्रावासों में कठिन विषयों की कोचिंग के लिए विद्या संबल योजना के अंतर्गत गेस्ट फैकल्टी की सेवाएं ली जाएगी। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक डॉ. पवन पूनियां ने बताया कि यह व्यवस्था जिले के राजकीय अंबेडकर छात्रावास नवलगढ़, मुकुंदगढ़, मंडावा, झुंझुनूं प्रथम, झुंझुनूं द्वितीय, बगड़, चिड़ावा, सूरजगढ़, पिलानी, उदयपुरवाटी, खेतड़ी, महरमपुर, बुहाना एवं राजकीय सावित्रीबाई फुले कन्या छात्रावास झुंझुनूं गुढ़ा पौंख में लागू होगी। इन छात्रावासों में कक्षा नौ से 12 तक अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को गणित, विज्ञान एवं अंग्रेजी जैसे कठिन विषयों की कोचिंग प्रदान की जाएगी। प्रत्येक छात्रावास में एक गेस्ट फैकल्टी नियुक्त की जाएगी। जो प्रतिदिन शाम 6 से 7 बजे तक एक घंटे का अध्यापन कार्य करेगी। राजकीय बालिका छात्रावासों में महिला अभ्यर्थियों को प्रथम वरीयता दी जाएगी। चयन के लिए सेवानिवृत्त अध्यापक (ग्रेड प्रथम/द्वितीय) एवं योग्य निजी अभ्यर्थियों से आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं। गेस्ट फैकल्टी को मानदेय के रूप में कक्षा 9 एवं 10 के लिए 350 रूपए प्रतिदिन (अधिकतम 9100 रूपए प्रतिमाह) वहीं कक्षा 11 एवं 12 के लिए 400 रूपए प्रतिदिन (अधिकतम 10400 रूपए प्रतिमाह) देय होगा। सेवाएं मार्च 2026 तक ली जाएंगी। इच्छुक अभ्यर्थी अपने आवेदन पत्र मय आवश्यक दस्तावेज ब्लॉक स्तर पर स्थित ब्लॉक सामाजिक सुरक्षा अधिकारी के कार्यालय में 17 अक्टूबर 2025 को शाम पांच बजे तक जमा करवा सकते हैं। उप निदेशक डॉ. पवन पूनियां ने बताया कि प्राप्त आवेदन पत्रों की जांच चयन समिति द्वारा की जाएगी तथा निर्धारित शैक्षणिक योग्यता एवं प्राप्तांकों के आधार पर वरीयता सूची तैयार कर पात्र अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।

शहीद भगत सिंह विचार मंच के युवाओं का सम्मान | चूरू सूचना केंद्र कार्यक्रम | वीर तेजाजी विकास समिति

GST स्लैब में बदलाव: चूरू की जनता की राय | फायदा या नुकसान? जानिए सच्चाई | Ground Report