परिसीमन और महिला आरक्षण पर भाजपा ने विपक्ष के आरोपों का दिया जवाब, बीकानेर पूर्व विधायक ने कहा- संसद और विधानसभाओं में बढ़ेगी महिलाओं की भागीदारी
बीकानेर। साहिल पठान
परिसीमन एवं नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर भाजपा ने विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर अपना पक्ष रखा। रविवार को भाजपा संभाग कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बीकानेर पूर्व विधायक सिद्धि कुमारी ने विधेयक के प्रावधानों, उद्देश्यों और महिलाओं को मिलने वाले संभावित लाभों पर विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान पूर्व महापौर सुशीला कंवर राजपुरोहित और भाजपा जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़ भी मौजूद रहीं।
विधायक सिद्धि कुमारी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को केवल राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने का प्रावधान नहीं है, बल्कि उन्हें नीति निर्धारण और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रभावी भागीदारी का अवसर देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इसके तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग की महिलाओं को भी आरक्षण के भीतर प्रतिनिधित्व मिलेगा। इससे राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी और नेतृत्व के नए अवसर सृजित होंगे।
परिसीमन लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा
सिद्धि कुमारी ने परिसीमन को लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं और प्रतिनिधित्व का निर्धारण किया जाता है। बदलती जनसंख्या के अनुरूप राजनीतिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना इसका प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की मंशा महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें निर्णय प्रक्रिया में अधिक भागीदारी देना है।
विपक्ष की आपत्तियों पर भाजपा ने रखा पक्ष
विपक्ष की आपत्तियों पर विधायक सिद्धि कुमारी ने कहा कि परिसीमन की प्रक्रिया को लेकर विपक्ष की ओर से कई सवाल उठाए जा रहे हैं। इनमें राज्यों के बीच लोकसभा सीटों के अनुपात, दक्षिण भारतीय राज्यों के प्रतिनिधित्व, जनगणना के आधार और अनुसूचित जाति-जनजाति के प्रतिनिधित्व से जुड़ी चिंताएं शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण और परिसीमन को महिलाओं के राजनीतिक अधिकारों के विस्तार के नजरिए से देखा जाना चाहिए। महिला आरक्षण लागू होने से संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की संख्या बढ़ेगी। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, रोजगार और सामाजिक विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर महिलाओं की आवाज और भागीदारी मजबूत होगी।
महिला सशक्तीकरण पर भी रखे विचार
प्रेस वार्ता में पूर्व महापौर सुशीला कंवर राजपुरोहित ने भी महिला सशक्तीकरण और राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के महत्व पर विचार रखे। उन्होंने महिलाओं को राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में आगे आने के अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़ सहित पार्टी पदाधिकारी भी मौजूद रहे।













