कीर्तन और सुंदरकांड के माध्यम से कर रही गोसेवा, अबोहर बाईपास स्थित गौशाला को 51 हजार रुपये की सहयोग राशि भेंट की
हनुमानगढ़।हिमांशु मिड्ढा
धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सरोकारों को जोड़ते हुए महिला हनुमान मंडली हाउसिंग बोर्ड गौसेवा के क्षेत्र में अनुकरणीय योगदान दे रही है। मंडली की 11 महिला सदस्य कीर्तन और सुंदरकांड के आयोजन के माध्यम से राशि एकत्रित कर विभिन्न गौशालाओं में सहयोग प्रदान कर रही हैं। मंडली की ओर से अब तक अलग-अलग गौशालाओं को कुल 37 लाख 66 हजार रुपये की सहयोग राशि दी जा चुकी है। इसी सेवा संकल्प की कड़ी में आज अबोहर बाईपास स्थित श्री गौशाला सेवा समिति को 51 हजार रुपये की सहयोग राशि भेंट की गई।
महिला हनुमान मंडली हाउसिंग बोर्ड की सदस्य धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में भक्ति और सेवा की भावना को बढ़ावा देने के साथ गौवंश के संरक्षण और संवर्धन में भी अपनी भागीदारी निभा रही हैं। मंडली की महिलाएं विभिन्न स्थानों पर कीर्तन और सुंदरकांड का आयोजन करती हैं। इन आयोजनों से प्राप्त होने वाली राशि को गौसेवा के लिए समर्पित किया जाता है। मंडली का उद्देश्य गौशालाओं को आर्थिक सहयोग देकर गौवंश की देखभाल, चारे और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में योगदान देना है।
मंडली की ओर से समय-समय पर जिले और आसपास के क्षेत्रों की अलग-अलग गौशालाओं में सहयोग राशि प्रदान की जाती है। अब तक 37 लाख 66 हजार रुपये का सहयोग देकर मंडली ने सेवा और समर्पण की मिसाल कायम की है। मंगलवार को अबोहर बाईपास स्थित श्री गौशाला सेवा समिति को 51 हजार रुपये की राशि भेंट की गई।इस अवसर पर श्री गौशाला सेवा समिति के सचिव कानचन्द गोयल, कोषाध्यक्ष गोपालचंद जिन्दल, बीरबल जिन्दल, रामकुमार गोदारा और शिव भगवान ढुढाणी ने महिला हनुमान मंडली हाउसिंग बोर्ड के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि गौशालाओं के संचालन और गौवंश की सेवा में समाज का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है। महिलाओं द्वारा धार्मिक आयोजनों से प्राप्त राशि को गौसेवा के लिए समर्पित करना प्रेरणादायक पहल है।महिला हनुमान मंडली की यह पहल दर्शाती है कि सामूहिक प्रयास और सेवा भावना से धार्मिक आयोजनों को सामाजिक कल्याण का माध्यम बनाया जा सकता है। मंडली की सदस्य लगातार गौशालाओं की सहायता कर गौसेवा के इस अभियान को आगे बढ़ा रही हैं।


















