झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
राजस्थान सरकार के श्रीयादे माटी कला बोर्ड के दो वर्ष के सफल कार्यकाल, नवाचारों एवं उपलब्धियों को समर्पित पुस्तक ‘माटी राजस्थान री’ का विमोचन भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुल्हरी एवं पूर्व सांसद नरेन्द्र खीचड़ ने किया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों ने पुस्तक के माध्यम से माटी कला के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुल्हरी ने कहा कि श्रीयादे माटी कला बोर्ड ने प्रदेश के कुम्हार समाज और माटी कला से जुड़े कारीगरों के उत्थान के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं। बोर्ड की योजनाओं एवं प्रयासों से पारंपरिक माटी कला को नई पहचान मिली है तथा स्वरोजगार के अवसरों में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक बोर्ड की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगी। पूर्व सांसद नरेन्द्र खीचड़ ने कहा कि राजस्थान की समृद्ध लोक परंपराओं और हस्तशिल्प कला को संरक्षित रखने में माटी कला का विशेष महत्व है। बोर्ड द्वारा किए गए प्रयासों से इस पारंपरिक कला को नई ऊर्जा और प्रोत्साहन मिला है, जिससे कारीगरों का मनोबल बढ़ा है। कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष महावीर ढाका, जिला मंत्री विनोद कुमावत, जिला प्रवक्ता संजय मोरवाल, मण्डावा पंचायत समिति सदस्य राहुल कुमावत, भाजपा प्रकोष्ठ संयोजक जयप्रकाश, राजकुमार धुवां, अनिल नैण, निखिल मावण्डिया, संजीव महला, मंजित सैनी, पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रकाश सैनी सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।।कार्यक्रम के दौरान पुस्तक में संकलित उपलब्धियों एवं योजनाओं पर भी चर्चा की गई तथा माटी कला से जुड़े कारीगरों के हित में भविष्य में और अधिक प्रभावी कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया गया।










