600 विद्यार्थियों ने एक विशेष शैक्षिक एवं मनोरंजक भ्रमण का आनंद लिया

झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
शहर के गौरव पथ स्थित एस.एस. मोदी विद्या विहार के कक्षा 3 से 8 तक के करीब 600 विद्यार्थियों के लिए शुक्रवार को एक विशेष शैक्षिक एवं मनोरंजक भ्रमण का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों को सर्कस दिखाने ले जाया गया, जहां उन्होंने न केवल मनोरंजन का आनंद लिया, बल्कि जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण सीख भी हासिल की। निर्धारित समय पर सभी छात्र-छात्राएं शिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यालय परिसर से रवाना हुए। विलुप्त होती सर्कस कला को बढ़ावा देने और नई पीढ़ी को इस पारंपरिक कला से परिचित कराने के उद्देश्य से यह भ्रमण आयोजित किया गया। सर्कस स्थल पर पहुंचते ही बच्चों के चेहरों पर उत्साह और जिज्ञासा साफ झलकने लगी। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत साहसिक करतब, संतुलन के अद्भुत प्रदर्शन और साइकिल स्टंट ने विद्यार्थियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, जोकरों की हास्य प्रस्तुतियों ने बच्चों को ठहाके लगाने पर मजबूर कर दिया और पूरे माहौल को उल्लासमय बना दिया। इस भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों ने मनोरंजन के साथ-साथ अनुशासन, धैर्य और कठिन परिश्रम के महत्व को भी समझा। यह दिन बच्चों के लिए अविस्मरणीय अनुभव बन गया। विद्यालय के मुम्बई प्रवासी ट्रस्टी शशिकांत मोदी, ऋषि बराषिया, गीलूराम मोदी, विद्यालय समन्वयक मनीष अग्रवाल, अकादमिक निदेशक रॉय सी पॉल तथा प्राचार्य विजय मसीह ने इस सफल आयोजन पर विद्यार्थियों और स्टाफ को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

चूरू अस्पताल में बड़ा हादसा टला,  ऑक्सीजन प्लांट के पास आग, ड्यूटी पर शराबी फायरमैन गिरफ्तार