झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार महिला आरक्षण को लेकर सर्किट हाउस झुंझुनूं में पूर्व विधायक सोना देवी बावरी ने प्रेस वार्ता कर बीजेपी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश में महिलाओं को सर्वोच्च पदों तक पहुंचाकर हमेशा महिला सशक्तिकरण को मजबूती दी है, जबकि बीजेपी इस मुद्दे पर जनता को गुमराह कर रही है।सोना देवी बावरी ने कहा कि कांग्रेस ने देश को पहली महिला प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति और लोकसभा अध्यक्ष देने के साथ ही संगठन की कमान भी कई बार महिलाओं को सौंपी है। इसके अलावा नगरीय निकायों और पंचायती राज संस्थाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देकर महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी का अधिकार दिलाया। ऐसे में कांग्रेस पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाना बीजेपी की राजनीतिक चाल है।

उन्होंने “नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023” का उल्लेख करते हुए कहा कि यह बिल संसद में पारित होने के बाद कांग्रेस ने इसे तत्काल लागू करने की मांग की थी, ताकि महिलाओं को 2024 के लोकसभा चुनाव में ही इसका लाभ मिल सके। लेकिन केंद्र सरकार जनगणना और परिसीमन की शर्तें जोड़कर इसे टालने की कोशिश कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकार की नीयत साफ है तो इसे मौजूदा 543 सीटों पर तुरंत लागू क्यों नहीं किया जा रहा। महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष शकुंतला यादव ने कहा कि बीजेपी जानबूझकर कांग्रेस पर आरोप लगाकर राजनीतिक लाभ लेना चाहती है, जबकि कांग्रेस महिला अधिकारों के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी। प्रेस वार्ता को महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव नीतू वर्मा और किरण यादव ने भी संबोधित किया। इस दौरान पीसीसी सदस्य सलीम सिगड़ी, ओबीसी कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष सैनी, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष राहुल जाखड़, आकाश चौधरी, शमशाद खान, परमेंद्र जी एवं भीमसर सरपंच मुबारिक सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
चूरू अस्पताल में बड़ा हादसा टला, ऑक्सीजन प्लांट के पास आग, ड्यूटी पर शराबी फायरमैन गिरफ्तार

















