छह साल की मेहनत लाई रंग — आरएएस में चयनित आँचल रूँगटा का एस एस मोदी में भव्य सम्मान

लगन सच्ची हो तो कोई मंजिल दूर नहीं” — विद्यार्थियों को दिया सफलता का मंत्र

झुंझुनूं। अजीत जांगिड़ 

राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस ) में चयनित विद्यालय की पूर्व छात्रा आँचल रूँगटा का एस एस मोदी विद्या विहार में मंगलवार को भव्य एवं गरिमामय स्वागत किया गया। पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला। विद्यालय समन्वयक मनीष अग्रवाल, अकादमिक निदेशक रॉय सी पॉल एवं प्राचार्य विजय मसीह ने आँचल का माला पहनाकर व शॉल ओढ़ाकर उनके परिवार सहित सम्मान किया। इस अवसर पर प्राचार्य विजय मसीह ने आँचल की स्कूली शिक्षा से लेकर सफलता तक के संघर्षपूर्ण सफर को साझा करते हुए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए आँचल रूँगटा ने बताया कि उन्होंने लगातार छह वर्षों की कड़ी मेहनत और समर्पण से यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो कोई भी बाधा सफलता की राह नहीं रोक सकती।” अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता को देते हुए आँचल ने कहा कि असफलताओं के समय परिवार का सहयोग ही उन्हें आगे बढ़ने की ताकत देता रहा I कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों से संवाद करते हुए आँचल ने कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए— केवल किताबों तक सीमित न रहें, सहशैक्षणिक गतिविधियों में भी भाग लें ,समझकर पढ़ाई करें और नियमित दोहराव करें ,
भाषा पर पकड़ के लिए किताबें व अखबार पढ़ें ,
सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग करें और
लक्ष्य पर फोकस रखकर शांतिपूर्वक निरंतर मेहनत करें I उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।

विद्यालय परिवार में गर्व का माहौल

विद्यालय समन्वयक मनीष अग्रवाल ने आँचल को बधाई देते हुए कहा कि “आज आँचल पर न केवल विद्यालय बल्कि पूरा झुंझुनूं गर्व महसूस कर रहा है। हमें विश्वास है कि वह प्रशासनिक जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगी। वहीं मुंबई प्रवासी ट्रस्टी शशिकांत मोदी, गीलूराम मोदी, सौरभ मोदी, प्रियंक मोदी एवं कनिका मोदी ने भी आँचल रूँगटा की इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं प्रेषित कीं।