झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड राज्य मुख्यालय जयपुर के तत्वावधान में माउंट आबू स्थित स्काउट ट्रेनिंग सेंटर पर आयोजित पांच दिवसीय प्रेसिडेंट अवॉर्ड स्काउट एवं रोवर प्रशिक्षण शिविर में स्काउट्स और रोवर्स को आपदा मित्र के रूप में तैयार किया जा रहा है। शिविर के तीसरे दिन प्रतिभागियों को विभिन्न दक्षता बैजों से संबंधित व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान झुंझुनूं के सी.ओ. स्काउट महेश कालावत ने आपदा प्रबंधन बैज के तहत स्काउट्स-रोवर्स को आपदा के समय राहत कार्यों के लिए तैयार किया। उन्होंने विभिन्न उपकरणों, संसाधनों और उनके उपयोग का प्रदर्शन करते हुए आपात स्थिति में प्रभावी सहायता के तरीके समझाए। दक्ष प्रशिक्षक रघुवीर सिंह ने एंबुलेंस मैन बैज पाठ्यक्रम के अंतर्गत प्राथमिक चिकित्सा के नियमों, पट्टियां बांधने की विधि, मुख से मुख श्वसन, सीपीआर एवं अन्य आवश्यक उपचार की जानकारी दी। सहायक लीडर ट्रेनर मनोज शर्मा ने रक्तदाता बैज की जानकारी देते हुए रक्तदान के महत्व और एड्स जागरूकता पर प्रकाश डाला।सहायक राज्य संगठन आयुक्त कोटा दलीप माथुर ने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद ये स्काउट्स एवं रोवर्स अपने-अपने जिलों में आपदा मित्र के रूप में कार्य करते हुए आमजन एवं प्रशासन का सहयोग करेंगे।
जिले के प्रतिभागी ले रहे सक्रिय भागीदारी
माउंट आबू शिविर में झुंझुनूं जिले के विभिन्न विद्यालयों व संस्थानों से स्काउट्स एवं रोवर्स भाग ले रहे हैं। इनमें बबाई खेतड़ी, नवलगढ़, बुहाना सहित अन्य क्षेत्रों के प्रतिभागी शामिल हैं, जो स्काउटर बृजमोहन कुमावत के नेतृत्व में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इसी प्रकार रिड़मलसर (बीकानेर) में आयोजित गाइड्स एवं रेंजर शिविर में भी झुंझुनूं जिले की गाइड्स व रेंजर्स प्रशिक्षण ले रही हैं। सूरजगढ़, पिलानी व झुंझुनूं के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों की छात्राएं इसमें भागीदारी निभा रही हैं I शिविर में दलीप माथुर, एल.आर. शर्मा, अभय सिंह शेखावत, शैलेश पलोड, रघुवीर सिंह, महेश कालावत, मनोज शर्मा, रूपचंद शर्मा एवं श्यामलाल गुप्ता सहित अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शिविर का उद्देश्य स्काउट्स-रोवर्स में सेवा, अनुशासन और आपदा के समय त्वरित सहायता की भावना विकसित करना है।










