सरकारी इंजीनियर और दलाल 33 लाख की रिश्वत लेते ट्रैप

एसीबी की जयपुर और झुंझुनूं में एक साथ कार्रवाई, रोड अलाइनमेंट बदलने के नाम पर मांगी थी घूस

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी ) ने शुक्रवार रात बड़ी कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक निर्माण विभाग ( पीडब्ल्यूडी ) के एक एक्सईएन और एक दलाल को 33 लाख रुपए की रिश्वत मामले में ट्रैप किया। एसीबी ने जयपुर में दलाल को रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथों पकड़ा, जबकि समानांतर कार्रवाई में झुंझुनूं से पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन को उसके घर से गिरफ्तार किया गया।
एसीबी के अनुसार, मामला झुंझुनूं जिले में बगड़ से स्टेट हाईवे को नेशनल हाईवे से जोड़ने के लिए निकाली जा रही सड़क के अलाइनमेंट से जुड़ा है। शिकायतकर्ता की खातेदारी जमीन को प्रस्तावित सड़क में शामिल किया गया था। बाद में जमीन को सड़क की जद से बाहर करने और रोड रिअलाइनमेंट कराने के नाम पर रिश्वत की मांग की गई। एडिशनल एसपी संदीप सारस्वत ने बताया कि इस परियोजना के सर्वे और अलाइनमेंट का जिम्मा जयपुर के वैशाली नगर स्थित झुंझुनूं इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को दिया गया था। जांच में सामने आया कि कंपनी का प्रतिनिधि याकूब अली इस मामले में बिचौलिए की भूमिका निभा रहा था। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला कि करीब 3 से 4 करोड़ रुपए कीमत की जमीन को सड़क से बाहर करने के एवज में पहले 75 लाख रुपए की रिश्वत मांगी गई थी। बाद में सौदा 33 लाख रुपए में तय हुआ। एसीबी टीम ने शिकायत के सत्यापन के बाद शुक्रवार रात करीब 8 बजे जयपुर की चौमूं पुलिया के पास ट्रैप कार्रवाई की। शिकायतकर्ता तय योजना के तहत रिश्वत की रकम लेकर पहुंचा। दलाल याकूब अली अपनी गाड़ी से उतरकर शिकायतकर्ता की कार में बैठा और 33 लाख रुपए ले लिए। शिकायतकर्ता ने एसीबी को कार का इंडिकेटर जलाकर संकेत दिया, जिसके बाद टीम ने मौके पर दबिश देकर याकूब को रंगे हाथों पकड़ लिया।एसीबी के मुताबिक, रिश्वत की रकम लेने के बाद याकूब ने मोबाइल पर पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन राकेश कुमार से बातचीत भी की थी। यह रकम शनिवार को चिड़ावा ले जाकर एक्सईएन को सौंपी जानी थी। याकूब से मिली जानकारी के आधार पर एसीबी की दूसरी टीम ने झुंझुनूं जिले के चिड़ावा से एक्सईएन राकेश कुमार को उसके घर से हिरासत में ले लिया। जांच में यह भी सामने आया है कि याकूब अली गजट नोटिफिकेशन में अधिकृत प्रतिनिधि के रूप में शामिल है और वह झुंझुनूं जिले के किठाना गांव का निवासी है। एसीबी दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।

चूरू में नशे के खिलाफ सर्व समाज का प्रदर्शन | SP को सौंपा ज्ञापन, सख्त कार्रवाई की मांग

मौसमी बीमारियों से कैसे बचें? | डॉक्टर अरविंद सैनी का खास इंटरव्यू