इंडियन प्रीमियर लीग में गरजा झुंझुनूं का शेर

Screenshot

मुकुल चौधरी ने 27 गेंदों में जड़ा तूफानी अर्धशतक, आखिरी ओवर में लखनऊ को दिलाई सांसें रोक देने वाली जीत”
कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में युवा बल्लेबाज का जलवा, अंतिम ओवर में दिखाया साहस और संयम—शेखावाटी में जश्न का माहौल

झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
क्रिकेट के सबसे बड़े मंच “इंडियन प्रीमियर लीग” में इस बार शेखावाटी की धरती से एक नया सितारा चमका है। झुंझुनूं जिले के गुढ़ागौड़जी क्षेत्र की मिट्टी से निकले युवा बल्लेबाज मुकुल चौधरी ने गुरुवार को अपनी विस्फोटक पारी से न सिर्फ मैच का रुख पलट दिया, बल्कि पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। लखनऊ सुपर जायंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेले गए इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में मुकुल ने मात्र 27 गेंदों पर नाबाद 54 रन ठोककर लखनऊ को 3 विकेट से रोमांचक जीत दिला दी।

आखिरी ओवर का ‘महाभारत’: जब मुकुल बने संकटमोचक – मैच का फैसला आखिरी ओवर में होना था। जीत के लिए 14 रन चाहिए थे और गेंदबाजी कर रहे थे वैभव अरोड़ा , दबाव अपने चरम पर था, लेकिन मुकुल ने हिम्मत नहीं हारी,दूसरी गेंद पर गगनचुंबी छक्का, तीसरी-चौथी गेंद पर सन्नाटा , पांचवीं गेंद पर फिर छक्का लगाया ॥
पलटा मैच आखिरी गेंद पर बाइ रन के साथ जीत पर मुहर – हर शॉट के साथ स्टेडियम में रोमांच चरम पर पहुंचता गया और अंततः मुकुल ने मैच को अपने नाम कर लिया।

खेतों की पगडंडी से आईपीएल के मैदान तक

झुंझुनूं के छोटे से गांव खेदड़ों की ढाणी में जन्मे मुकुल का सफर संघर्षों से भरा रहा है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने सपनों को जिंदा रखा। सीकर की एसबीएस क्रिकेट एकेडमी में उन्होंने क्रिकेट की बारीकियां सीखीं और अपनी प्रतिभा को तराशा।
उनकी काबिलियत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे राजस्थान अंडर-17 क्रिकेट टीम के कप्तान भी रह चुके हैं।

युवाओं के लिए मिसाल, सपनों को दी उड़ान

मुकुल की यह पारी सिर्फ एक जीत नहीं, बल्कि उन हजारों युवाओं के लिए उम्मीद की किरण है, जो छोटे शहरों और गांवों से निकलकर बड़ा मुकाम हासिल करना चाहते हैं। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि मेहनत, आत्मविश्वास और सही दिशा मिले तो कोई भी सपना छोटा नहीं होता।

शेखावाटी में जश्न, हर जुबां पर मुकुल का नाम

जैसे ही जीत की खबर आई, झुंझुनूं सहित पूरे शेखावाटी क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। गांव-गांव में मिठाइयां बांटी जा रही हैं, सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता लगा है। स्थानीय लोगों को अब उम्मीद है कि मुकुल आने वाले समय में भारतीय क्रिकेट टीम में जगह बनाकर देश और अपने क्षेत्र का नाम और रोशन करेंगे।

चूरू में नशे के खिलाफ सर्व समाज का प्रदर्शन | SP को सौंपा ज्ञापन, सख्त कार्रवाई की मांग

मौसमी बीमारियों से कैसे बचें? | डॉक्टर अरविंद सैनी का खास इंटरव्यू