झुंझुनूं पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने प्रेस वार्ता कर दी जानकारी, पुरानी रंजिश और सोशल मीडिया विवाद बना हत्या की वजह, पुलिस ने 200 सीसीटीवी खंगालकर दबोचे आरोपी
खेतड़ी । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिले की पुलिस ने ईश्कपुरा गांव में हुए चर्चित मुकेश उर्फ टिंकू हत्याकांड का महज चार दिन में खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की है। जिला स्पेशल टीम (डीएसटी ) और सिंघाना थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मुख्य आरोपी विजय उर्फ मिंटू समेत तीन बदमाशों को भैसावता कलां की पहाड़ियों से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। हत्या की यह वारदात पुरानी रंजिश और सोशल मीडिया पर हुए विवाद का नतीजा निकली, जिसने एक युवक की जान ले ली।
रंजिश बनी मौत की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि करीब एक साल पहले शादी समारोह में हुई मारपीट और बाद में इंस्टाग्राम रील्स पर आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर आरोपी मृतक से रंजिश पाले हुए थे। इसी खुन्नस में आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से हत्या की साजिश रची।
रेकी कर घात लगाकर किया हमला
दिनांक 3 अप्रैल को मुकेश उर्फ टिंकू अपने साथियों से मिलने ईश्कपुरा पहुंचा था। पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखी। मौका मिलते ही लाठियों से हमला कर बाइक से गिराया और फिर नजदीक से सीने में गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
टीम ने 150 से ज्यादा सीसीटीवी खंगाले, पहाड़ियों में मिली सफलता
घटना की गंभीरता को देखते हुए झुंझुनूं पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर के निर्देशन में विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस ने इलाके के 150-200 सीसीटीवी फुटेज खंगाले, लेकिन सुराग नहीं मिला। आखिरकार 7 अप्रैल को डिएसटी को सूचना मिली कि आरोपी भैसावता कलां की पहाड़ियों में छिपे हैं। संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों में विजय उर्फ मिंटू (मुख्य आरोपी), निवासी ईश्कपुरा , सोमवीर, निवासी भोदन , अजीत, निवासी नानूवाली बावड़ी शामिल थे I
पुलिस का सख्त संदेश
झुंझुनूं पुलिस ने इस कार्रवाई के जरिए साफ संदेश दिया है कि अपराध चाहे कितना भी शातिर तरीके से किया जाए, कानून के हाथ से बच पाना नामुमकिन है। पुलिस का “अपराधियों में भय और आमजन में विश्वास” का संकल्प लगातार मजबूत होता दिख रहा है।
विशेष टीमों की अहम भूमिका रही
इस कार्रवाई में डिएसटी चिड़ावा, थाना सिंघाना, पचेरी कलां और बुहाना की संयुक्त टीमों ने समन्वय के साथ काम करते हुए सफलता हासिल की। पुलिस अब आरोपियों से हथियार और अन्य पहलुओं को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।
भाजयुमो की विशेष बैठक आयोजित | 21 अप्रैल को ‘संकल्प दिवस’, सगत सिंह प्रतिमा का अनावरण
Ramavatar Palsania के बयान का जाट महासभा ने किया विरोध | चरण सिंह पर टिप्पणी को लेकर FIR की मांग
APS Academy Play School का भव्य शुभारंभ | विधायक हरलाल सहारण रहे मुख्य अतिथि














