झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, अजमेर द्वारा घोषित 10वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में प्रिंस ग्रुप ऑफ स्कूल्स के अंतर्गत संचालित डिफेंस पब्लिक स्कूल, झुंझुनूं के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय व जिले का नाम गौरवान्वित किया है। शानदार परिणाम के उपलक्ष्य में विद्यालय परिसर में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया, उनका मुँह मीठा कराया गया तथा पूरे विद्यालय परिवार ने मिलकर इस उपलब्धि का उत्सव मनाया।प्रिंस ग्रुप ऑफ स्कूल्स के चेयरमैन डॉ. जी. एल. कालेर ने सभी मेधावी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यालय की उस शिक्षण परंपरा का परिणाम है जो बच्चों के सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। संस्थान निदेशक निर्मल कालेर ने कहा कि डिफेंस पब्लिक स्कूल सदैव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति प्रतिबद्ध रहा है और विद्यार्थियों की यह सफलता हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने समस्त शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ को भी इस उपलब्धि के लिए साधुवाद दिया Iइस अवसर पर एकेडमिक डायरेक्टर समीर शर्मा, प्रिंसिपल डॉ अनिता पंत शर्मा, महेंद्र सैनी , शीशराम जाखल,अभिभावक, शिक्षकगण एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।विद्यालय में इस वर्ष छात्रा पलक ने 98.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल में प्रथम स्थान अर्जित किया। सोनल बागोरिया 98 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान पर रहीं। इसके अतिरिक्त हिमानी, आनंद, हंसिका, ओजस्वी, ऋषभ, अमन यादव, अमान, अश्विन, हेमंत एवं वर्षा ने 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर अपनी असाधारण प्रतिभा का परिचय दिया। विद्यालय के कुल 39 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक अर्जित किए, जो झुंझुनूं जिले के शैक्षणिक परिदृश्य में एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। विद्यालय के लिए विशेष गर्व की बात यह रही कि अंग्रेजी विषय में विद्यालय के हर दूसरे विद्यार्थी ने पूर्ण 100 अंक प्राप्त किए। यह उपलब्धि शिक्षकों की अनवरत मेहनत, नवाचारी शिक्षण पद्धति एवं विद्यार्थियों की लगन का प्रत्यक्ष प्रमाण है। स्कूल टॉपर पलक ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के समर्पित शिक्षकों, अपने अभिभावकों तथा परिवार के निरंतर प्रोत्साहन को दिया। उन्होंने अपना भविष्य का लक्ष्य स्पष्ट करते हुए बताया कि वे संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में सफलता प्राप्त कर राष्ट्र सेवा करना चाहती हैं। द्वितीय स्थान प्राप्त सोनल बागोरिया ने भी अपनी सफलता का पूरा श्रेय विद्यालय के शिक्षकों की कुशल मार्गदर्शन एवं परिवार के सहयोग को दिया।















