
स्वच्छता सप्ताह के तहत शहर में चलेगा विशेष अभियान, प्लास्टिक के दुष्प्रभावों पर भी किया जाएगा जागरूक

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
राजस्थान दिवस समारोह के अंतर्गत नगर परिषद झुंझुनूं द्वारा शनिवार को शहर में स्वच्छता सप्ताह की जोरदार शुरुआत की गई। जिला कलेक्ट्रेट सर्किल, शहीद स्मारक सर्किट हाउस, नेहरू बाल उद्यान और आसपास के क्षेत्रों में नगर परिषद के अधिकारियों, कर्मचारियों और स्काउट-गाइड के विद्यार्थियों ने श्रमदान कर साफ-सफाई की। अधिकारियों ने खुद झाड़ू उठाकर कचरा एकत्र किया और शहर को स्वच्छ रखने का संदेश
दिया।कार्यक्रम का शुभारंभ नगर परिषद आयुक्त देवीलाल बोचल्या तथा अतिरिक्त जिला कलेक्टर की उपस्थिति में किया गया। अधिकारियों ने स्वयं श्रमदान करते हुए सफाई कार्य की अगुवाई की और मौजूद कर्मचारियों व नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इस मौके पर नगर परिषद के कई अधिकारी, कर्मचारी और स्काउट-गाइड के छात्र बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने मिलकर शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सफाई कर कचरा एकत्रित किया और स्वच्छ वातावरण का संदेश दिया।नगर परिषद आयुक्त ने बताया कि राजस्थान दिवस समारोह के अंतर्गत चलने वाला स्वच्छता सप्ताह 19 मार्च तक जारी रहेगा। इस दौरान नगर परिषद की ओर से शहर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करना, सार्वजनिक शौचालयों की सफाई, गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण को बढ़ावा देना तथा धार्मिक और पर्यटन स्थलों की साफ-सफाई जैसे कार्य शामिल हैं।उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि झुंझुनूं को स्वच्छ और सुंदर बनाने में हर नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाए। घरों से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्र कर नगर परिषद की कचरा संग्रहण गाड़ियों में ही डालें तथा सड़कों पर कचरा न फैलाएं। साथ ही प्लास्टिक के उपयोग को कम करने की भी अपील की गई। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों को शहर को स्वच्छ रखने की शपथ भी दिलाई गई और यह संकल्प लिया गया कि झुंझुनूं को स्वच्छता के मामले में प्रदेश के अग्रणी शहरों में शामिल किया जाएगा।
भाजपा का प्रशिक्षण महाअभियान 2026 | कार्यकर्ताओं के लिए आयोजित प्रशिक्षण शिविर
चूरू में बालिका खिलाड़ियों की एथलेटिक्स चयन स्पर्धा | पंच गौरव योजना के तहत ट्रायल
चूरू में गणगौर पर ‘चंद्र गौरजा’ कार्यक्रम | लोकगीत-लोकनृत्य और बणी ठणी प्रतियोगिता















