राष्ट्र सेवा में राजस्थान के वीरों की अग्रणी भूमिका — ⁠मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

0
119

सप्त शक्ति कमान की रणबांकुरा डिवीजन द्वारा चूरू जिला मुख्यालय पर आयोजित हुआ गौरव सेनानी समारोह, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ सप्तशक्ति कमान, लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह (एवीएसएम, वाईएसएम, वीएसएम), पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, चूरू विधायक हरलाल सहारण, पैरालिंपिंक कमेटी आॅफ इंडिया के अध्यक्ष देवेन्द्र झाझड़िया, संभागीय आयुक्त विश्राम मीना सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि, वीरांगनाओं, वीर नारियों, सैन्य अधिकारियों व भूतपूर्व सैनिकों ने की शिरकत

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने की चूरू के जिला खेल स्टेडियम का नामकरण लेफ्टिनेंट जनरल सगत सिंह राठौड़ के नाम पर करने की घोषणा

चूरू। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राष्ट्र सेवा में राजस्थान के वीरों की अग्रणी भूमिका रही है। यहां गांवों में कोई न कोई ऐसा परिवार है जिसने सेना की वर्दी पहनी है। उन्होंने कहा कि सैनिक कभी सेवानिवृत्त नहीं होते, वे आजीवन राष्ट्रहित और समाजहित के लिए निरन्तर कार्य करते हैं। उनका त्याग और बलिदान से पूर्ण जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। श्री शर्मा रविवार को सप्त शक्ति कमान की रणबांकुरा डिवीजन द्वारा चूरू के जिला खेल स्टेडियम में आयोजित गौरव सेनानी समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि चूरू और शेखावाटी की धरती ने देशप्रेम के भाव को सदैव जीवंत रखा है। परमवीर चक्र विजेता पीरू सिंह, मेजर शैतान सिंह, लेफ्टिनेंट जनरल सगत सिंह राठौड़ जैसे वीर सपूतों ने राजस्थान का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने चूरू के जिला खेल स्टेडियम का नाम 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में अद्भुत साहस का प्रदर्शन करने वाले लेफ्टिनेंट जनरल सगत सिंह राठौड़ के नाम पर रखे जाने की घोषणा भी की।

रक्षा क्षेत्र में देश बन रहा आत्मनिर्भर

श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत एक प्रमुख विश्व शक्ति बन कर उभर रहा है। भारतीय सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयर स्ट्राइक, ऑपरेशन पराक्रम, ऑपरेशन रक्षक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियानों के माध्यम से दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि आज हमारा देश रक्षा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहा है।

वीरांगनाओं का त्याग हमारे लिए प्रेरणादायी

श्री शर्मा ने कहा कि वीर सपूतों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। वीर नारियों और वीरांगनाओं का त्याग भी हमारे लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि वीर सैनिकों और उनके परिवारों की समस्याओं के समाधान के लिए राज्य सरकार कटिबद्ध है। इसी कड़ी में, घर-घर जाकर पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके परिवारों से संवाद किया गया है।

एकीकृत सैनिक कल्याण कॉम्पलेक्सेज में सभी सुविधाएं मिलेंगी एक ही छत के नीचे

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों तथा उनके आश्रितों को विभिन्न सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के लिए एकीकृत सैनिक कल्याण कॉम्पलेक्स का चरणबद्ध निर्माण कर रही है। इन कॉम्पलेक्सेज में जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, युद्ध स्मारक, सैनिक कैंटीन, स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक भवन एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगे। प्रथम चरण में 36 करोड़ रुपये की लागत से जोधपुर, टोंक, शेरगढ़ और झुंझुनूं में इन कॉम्पलेक्स का निर्माण करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जोधपुर में मेजर शैतान सिंह कौशल विकास एवं प्रशिक्षण केंद्र और झुंझुनूं में ‘वॉर म्यूजियम’ की स्थापना भी की जाएगी।

विभिन्न विभागों में नियोजित पूर्व सैनिकों के मानदेय में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सैनिक और उनके परिवारों को सुविधाएं एवं सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। आरटीडीसी के होटलों और गेस्ट हाउसों में वीरांगनाओं को 50 प्रतिशत और सेवारत एवं पूर्व सैनिकों को 25 प्रतिशत की छूट देने के साथ ही, नवीन जिला सैनिक कल्याण कार्यालय भी खोले जा रहे हैं। विभिन्न विभागों में रेक्सको के माध्यम से नियोजित पूर्व सैनिकों के मानदेय में पिछले 2 साल में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। वहीं, द्वितीय विश्व युद्ध के पूर्व सैनिकों को मिलने वाली पेंशन 10 हजार से बढ़ाकर 15 हजार रुपये प्रतिमाह की गई है।

एक्स सर्विसमैन सैकण्ड लाईन ऑफ डिफेंस – लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह

सप्तशक्ति कमान के सेना कमाण्डर लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह ने कहा कि फौजी कभी अकेला नहीं रहता, इसी उद्देश्य को लेकर गौरव सैनानी समारोह आयोजित किया जा रहा है। यह समारोह आपसी जुड़ाव और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि एक्स सर्विसमैन सैकण्ड लाइन ऑफ डिफेंस के रूप में कार्य करते हैं। आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह ने कहा कि चूरू सहित शेखावाटी क्षेत्र व राजस्थान की वीर भूमि ने देश को हमेशा बहादुर सैनिक दिए हैं। चूरू की धरती के लेफ्टिनेंट जनरल सगतसिंह सेना के प्रेरणास्रोत हैं। चूरू की धरती के अनेकों वीरों ने मातृभूमि के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है। यहां पीढ़ियों से जवान मातृभूमि की रक्षा कर रहे हैं। शासन, प्रशासन, सेना व भूतपूर्व सैनिकों के सहयोग से रैली का सफल आयोजन संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं का सम्मान करना पूरे समाज का कर्तव्य है। इसी के साथ सेना, शासन— प्रशासन, पूर्व सैनिक मिलकर एक बेहतरीन समाज का निर्माण करने का संकल्प लें।उन्होंने कहा कि गौरव सेनानी समारोह के लिए सैन्य अधिकारियों ने करीब 7000 भूतपूर्व सैनिकों से संपर्क किया और इस दौरान भूतपूर्व सैनिकों से जुड़ी तकरीबन 1200 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका शत प्रतिशत निस्तारण किया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा सैनिकों के सम्मान और कल्याण के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।

पूर्व सैनिकों का किया सम्मान, सौंपे जॉब लेटर

इस मौके पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूर्व सैनिकों का सम्मान किया और जॉब लेटर सौंपे। अतिथियों ने कार्यक्रम के दौरान वीर नारियों, वीरांगनाओं व वेटरन अचीवर्स का सम्मान किया तथा चिकित्सा उपकरणों का वितरण किया। कर्नल (नेवी) कंवर दलीप सिंह ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान पूर्व मंत्री राजकुमार रिणवां, पूर्व मंत्री खेमाराम मेघवाल, पूर्व विधायक अभिनेष महर्षि, जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा, एसपी जय यादव, पूर्व जिला प्रमुख वंदना आर्य, संतोष मेघवाल, वासुदेव चावला, पंकज गुप्ता, बसंत शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ सैन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, पूर्व सैनिक, वीर नारियां, वीरांगनाएं एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे।

चूरू में वीर सैनिकों को सलाम | CM भजनलाल शर्मा ने किया बड़ा ऐलान

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का चूरू दौरा | राजेंद्र राठौड़ के आवास पर हुआ भव्य स्वागत

रेड क्रॉस सोसाइटी के नए कार्यालय का उद्घाटन | कलेक्टर अभिषेक सुराणा ने किया शुभारंभ

चूरू पुलिस का जागरूकता अभियान | राजकॉप सिटीजन ऐप डाउनलोड करने की दी जानकारी

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here