गुढ़ागौड़जी । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
राजस्थान की राजधानी जयपुर में आयोजित एफआईवीबी लेवल-1 इंटरनेशनल वॉलीबॉल कोचेस कोर्स का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस प्रतिष्ठित कोर्स में धमोरा गांव के प्रतिभाशाली युवा सुभाष जाखड़ पुत्र दयाराम जाखड़ ने भाग लेकर कोर्स सफलतापूर्वक पूर्ण किया और इंटरनेशनल वॉलीबॉल कोच का प्रमाण-पत्र प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। इस उपलब्धि से धमोरा सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। सुभाष जाखड़ के इंटरनेशनल कोच बनने पर ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने गर्व व्यक्त किया। कोर्स पूरा करने के बाद सुभाष जाखड़ का साफा और माला पहनाकर स्वागत भी किया गया। समापन समारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण कार्यक्रम भारतीय प्रशिक्षकों के लिए अपनी तकनीक, रणनीति और कौशल को निखारने का सुनहरा अवसर प्रदान करते हैं। कार्यक्रम में संबोधित करते हुए राजस्थान वॉलीबॉल संघ की महासचिव अंजू सिंह ने कहा कि भारतीय कोचों के लिए यह कोर्स आधुनिक वॉलीबॉल की बारीकियों को समझने और अंतरराष्ट्रीय स्तर की तकनीकों से परिचित होने का एक महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने यह भी कहा कि गुलाबी नगरी जयपुर में इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के कोर्स का आयोजन होना प्रदेश के लिए गर्व की बात है। इसके लिए उन्होंने भारतीय वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र कंवर और महासचिव रामानंद चौधरी का आभार भी व्यक्त किया। जिनके प्रयासों से यह कोर्स जयपुर में आयोजित किया गया। इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में देशभर से कुल 45 पुरुष एवं महिला प्रशिक्षकों ने भाग लिया। जिनमें 31 पुरुष और 14 महिलाएं शामिल थीं। सभी प्रतिभागियों को आधुनिक वॉलीबॉल की तकनीक, कोचिंग के नए तरीकों और खेल की रणनीतियों के बारे में विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। विशेषज्ञों के अनुसार ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम भारतीय वॉलीबॉल के स्तर को ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं। अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में तैयार हो रहे नए कोच भविष्य में खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देकर देश में वॉलीबॉल को नई दिशा देंगे। सुभाष जाखड़ की इस उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल रही है।
चूरू में वीर सैनिकों को सलाम | CM भजनलाल शर्मा ने किया बड़ा ऐलान
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का चूरू दौरा | राजेंद्र राठौड़ के आवास पर हुआ भव्य स्वागत
रेड क्रॉस सोसाइटी के नए कार्यालय का उद्घाटन | कलेक्टर अभिषेक सुराणा ने किया शुभारंभ
चूरू पुलिस का जागरूकता अभियान | राजकॉप सिटीजन ऐप डाउनलोड करने की दी जानकारी













