चिड़ावा । हैदराबाद में आयोजित प्रवासी राजस्थानी मीट में देश-विदेश से जुड़े प्रवासी राजस्थानियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इस अवसर पर समाज और उद्योग जगत में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रवासी राजस्थानियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रवासी उद्योगपति रघुहरि डालमिया संस्थापक रामकृष्ण जयदयाल डालमिया सेवा संस्थान को राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा प्रदेश में जल एवं पर्यावरण संरक्षण हेतु किए गए कार्यों के लिए विशेष सम्मान प्रदान किया गया। डालमिया को यह सम्मान उनके द्वारा जल एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय और सतत कार्यों के लिए दिया गया। रामकृष्ण जयदयाल डालमिया सेवा संस्थान ने वर्षा जल संचयन, वृक्षारोपण, जल संरक्षण, सतत कृषि विकास परियोजनाओं और पर्यावरणीय जागरूकता अभियान चलाकर प्रादेशिक स्तर पर समाज को नई दिशा दी है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि रघुहरि डालमिया जैसे प्रवासी राजस्थानियों का योगदान राज्य और देश दोनों के लिए प्रेरणास्रोत है। इस मीट का आयोजन वीआइपी राइजिंग राजस्थान (राजस्थान सरकार) की पहल के अंतर्गत किया गया। यह वास्तविकता में प्रवासी राजस्थान दिवस जो 10 दिसंबर को आयोजित होने की तैयारी का हिस्सा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा उन प्रवासी राजस्थानियों को सम्मानित किया गया। जिन्होंने सामाजिक सेवा या अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान दिया हैं। मुख्यमंत्री द्वारा इस मीट में प्रवासियों के साथ सीधा संवाद भी किया गया। सम्मान ग्रहण करते हुए रघुहरि डालमिया ने कहा यह पुरस्कार केवल मेरा नहीं है। बल्कि उन सभी कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों का है जो सेवा संस्थान के साथ मिलकर जल और पर्यावरण की रक्षा में दिन-रात लगे हुए हैं। इस सम्मान को प्रवासी समाज के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है और उपस्थितजनों ने रघुहरि डालमिया के प्रयासों की सराहना की।