अफीम, चिट्टा व स्मैक की बढ़ती सप्लाई पर चिंता, सख्त कार्रवाई व विशेष निगरानी की मांग
चूरू। शहर में तेजी से फैल रहे नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अब सर्व समाज खुलकर सामने आ गया है। शुक्रवार को विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।सर्व समाज के प्रतिनिधि हसन रियाज चिश्ती ने बताया कि चूरू में अफीम, हेरोइन, चिट्टा, स्मैक व एमडी जैसे खतरनाक मादक पदार्थों की खुलेआम सप्लाई हो रही है, जिससे युवा तेजी से इसकी गिरफ्त में आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज, शेखावत कॉलोनी सहित कई प्रमुख क्षेत्रों में बिना किसी डर के नशे का कारोबार चल रहा है, जिससे समाज में भय और चिंता का माहौल है। अंजनी शर्मा ने बताया कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति युवाओं का भविष्य अंधकार में धकेल रही है और इसका दुष्प्रभाव सामाजिक व पारिवारिक व्यवस्था पर भी पड़ रहा है। सर्व समाज ने मांग की कि शहर में नशे के कारोबार पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए। प्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन से संदिग्ध स्थानों पर नियमित गश्त बढ़ाने, नशा तस्करों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा मेडिकल कॉलेज जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी टीम तैनात करने की मांग की। साथ ही युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। समाजसेवी अरविंद भांभू ने बताया कि यह पहल किसी राजनीतिक संगठन के तहत नहीं, बल्कि सभी वर्गों और समाज के लोगों द्वारा मिलकर की गई है, जिसका उद्देश्य आने वाली पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से बचाना है।गौरव शर्मा ने प्रशासन से प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए चूरू शहर को नशामुक्त बनाने की अपील की। साथ ही नशे के शिकार लोगों को उपचार व पुनर्वास के माध्यम से मुख्यधारा में लाने की भी आवश्यकता जताई गई। इस अवसर पर धनराज न्यौल, राजुराम, सुनील सैन, कृष, करणनाथ, गुलजार, समीर, गौरव शर्मा, फरमान, आदिल गौरी, महमूद अली व ईशहाक खान आदि मौजूद रहे
चूरू में नशे के खिलाफ सर्व समाज का प्रदर्शन | SP को सौंपा ज्ञापन, सख्त कार्रवाई की मांग
मौसमी बीमारियों से कैसे बचें? | डॉक्टर अरविंद सैनी का खास इंटरव्यू













