साध्वी अखिलेश्वरी दीदी मां ने कृष्ण प्रसंग, कामधेनु कथा और पंचगव्य के महत्व पर डाला प्रकाश
खेतड़ी I झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
खेतड़ी उपखंड क्षेत्र के ढाणी बाढ़ान गांव स्थित श्री जमवाय माता केशव गौशाला में आयोजित तीन दिवसीय गौ कथा का विधिवत समापन हुआ। अंतिम दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे क्षेत्र में भक्ति व आस्था का वातावरण बना रहा। कथा के तीसरे दिन साध्वी अखिलेश्वरी दीदी मां ने गौ माता के दिव्य स्वरूप का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने गोबर और गोमूत्र के औषधीय एवं आध्यात्मिक गुणों के साथ उनके चमत्कारिक प्रभावों पर प्रकाश डाला। कथा के दौरान भगवान कृष्ण की गौ सेवा और ब्रज में गायों के प्रति उनके प्रेम के प्रसंग सुनाए गए, जिससे श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। उन्होंने कामधेनु गाय का प्रसंग सुनाते हुए बताया कि कामधेनु को सभी गायों की माता और इच्छापूर्ति करने वाली दिव्य शक्ति का स्वरूप माना गया है। यह दिव्य गाय ऋषि-मुनियों के आश्रमों में रहकर अपनी अद्भुत शक्ति से अन्न, धन और आवश्यक वस्तुएं उत्पन्न कर सेवा करती थी। इस प्रसंग के माध्यम से उन्होंने बताया कि गौ माता केवल पूजनीय ही नहीं, बल्कि धर्म, समृद्धि और संस्कृति की आधारशिला हैं। साध्वी अखिलेश्वरी दीदी मां ने पंचगव्य—दूध, दही, घी, गोबर और गोमूत्र—के महत्व को बताते हुए कहा कि यह धार्मिक दृष्टि से पवित्र होने के साथ-साथ स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने कहा कि घर की पहली रोटी गाय को खिलाने से सुख-समृद्धि आती है और देवता प्रसन्न होते हैं। कथा के माध्यम से उन्होंने गौ सेवा, संरक्षण और सम्मान का संदेश दिया। समापन अवसर पर महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गौ माता की पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर गौशाला अध्यक्ष राम सिंह शेखावत,सचिव शिवराज सिंह, कोषाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह गोविंद सिंह , महेंद्र सिंह, रामपाल सिंह, गजराज सिंह, महेशदान सिंह, रोहतास सिंह, बगड़ावत सिंह, कप्तान सिंह, रामधन सिंह, इंद्र सिंह, महीपत सिंह, धर्म सिंह, शायर कंवर, दातार कंवर, ओम कंवर और मिथिलेश कंवर सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
भाजयुमो की विशेष बैठक आयोजित | 21 अप्रैल को ‘संकल्प दिवस’, सगत सिंह प्रतिमा का अनावरण
Ramavatar Palsania के बयान का जाट महासभा ने किया विरोध | चरण सिंह पर टिप्पणी को लेकर FIR की मांग
APS Academy Play School का भव्य शुभारंभ | विधायक हरलाल सहारण रहे मुख्य अतिथि














