झुंझुनूं में 30 व नवलगढ़ में 24 मेधावी विद्यार्थियों को नकद छात्रवृत्ति, दोनों कॉलेजों को लाखों रुपए की पुस्तकें, स्मार्ट क्लास, लैब व जिम के उपकरण भेंट
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
झुंझुनूं के प्रवासी उद्योगपति व शिक्षा प्रेमी परिवार द्वारा अपनी जन्मभूमि के प्रति समर्पण का एक प्रेरक उदाहरण एक बार फिर सामने आया। झुंझुनूं के प्रथम लोकसभा सांसद राधेश्याम आर. मोरारका की 103वीं जयंती के अवसर पर झुंझुनूं और नवलगढ़ में छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिनमें मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनके पुत्र एवं प्रवासी उद्योगपति गौतम आर. मोरारका द्वारा स्थापित दोनों सरकारी कॉलेजों में शिक्षा और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का संदेश देखने को मिला। झुंझुनूं में 30 तथा नवलगढ़ में 24 विद्यार्थियों को शैक्षणिक और खेलकूद गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए छात्रवृत्ति के चैक प्रदान की गई। झुंझुनूं के मोरारका कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में मोरारका परिवार के प्रतिनिधि सुदर्शनसिंह शेखावत, संजय शर्मा, मलसीसर सरकारी कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. मनोज कुल्हार और झुंझुनूं कॉलेज की कार्यवाहक प्रिंसिपल प्रो. मंजू चौधरी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सुदर्शनसिंह शेखावत ने गौतम आर. मोरारका का संदेश पढ़कर सुनाया। जिसमें उन्होंने अपने पिता के पदचिन्हों पर चलते हुए अपनी माटी के लिए, विशेषकर उच्च शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि शिक्षा के लिए जहां भी उनकी आवश्यकता होगी, वे सदैव तत्पर रहेंगे। मोरारका परिवार ने नई शिक्षा नीति के अनुरूप विद्यार्थियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शिक्षा से जुड़े सपनों को साकार करने की दिशा में दोनों कॉलेजों की लाइब्रेरी के लिए पुस्तकें भेंट की गईं। नवलगढ़ कॉलेज को करीब डेढ़ लाख रुपये तथा झुंझुनूं कॉलेज को दो लाख रुपये मूल्य की पुस्तकें प्रदान की गईं। इसके साथ ही स्मार्ट क्लास, लैब और जिम के लिए भी दोनों कॉलेजों को 10-10 लाख रुपये के उपकरण उपलब्ध कराए गए, जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिल सके। नवलगढ़ कॉलेज में इस अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। यह आयोजन न केवल एक जयंती समारोह था, बल्कि प्रवासी परिवार के अपनी जन्मभूमि के प्रति प्रेम, जिम्मेदारी और समर्पण का जीवंत उदाहरण भी बना। मोरारका परिवार का यह प्रयास यह दर्शाता है कि भले ही दूरी कितनी भी क्यों न हो, लेकिन अपनी माटी से जुड़ाव और उसके विकास के लिए योगदान हमेशा दिल से किया जाता है।
10 लाख रूपए का ये सामान दिया झुंझुनूं कॉलेज में
सेवा ज्योति ट्रस्ट के प्रशासनिक अधिकारी संजय शर्मा ने बताया कि आरआर मोरारका कॉलेज झुंझुनूं के लिए 10 लाख रूपए के संसाधन उपलब्ध करवाए गए है। जिनमें एनईपी के अनुसार पुस्तकें, एलईडी, साउंड सिस्टम, रीडिंग रूम के लिए एसी, फोटो कॉपी मशीन तथा महाविद्यालय में जिम स्थापित करने के लिए आवश्यक उपकरण शामिल हैं। समारोह के दौरान महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। जिन्होंने कार्यक्रम में उत्साह का संचार किया। छात्रवृत्ति एवं सम्मान वितरण के अंतर्गत एमएससी प्राणी शास्त्र की छात्रा हर्षिता शर्मा को विश्वविद्यालय स्तर पर स्वर्ण पदक प्राप्त करने पर 11 हजार रूपए की राशि तथा एमएससी वनस्पतिशास्त्र के छात्र अजय कुमार को जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने पर 7100 रूपए की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त अपनी-अपनी कक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 5100—5100 रूपए की राशि देकर पुरस्कृत किया गया। खेलकूद में उल्लेखनीय स्थान प्राप्त करने वाले दो विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। महाविद्यालय संकाय प्रभारी यशपाल ने सभी का धन्यवाद दिया।
चूरू महोत्सव 2026 का भव्य समापन | सीमा मिश्रा Live Concert में झूम उठा शहर
चूरू में एथलेटिक्स प्रशिक्षण शिविर का समापन | खिलाड़ियों को मिला सम्मान
चूरू के नए एसपी निश्चय प्रसाद एम ने संभाला पदभार | अपराध और नशे पर सख्ती के संकेत














