19 से 23 मार्च 2026 तक होगा पांच दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम
कोलसिया । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
कोलसिया में 19 से 23 मार्च 2026 तक पांच दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम शेखावाटी गणगौर महोत्सव आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन शेखावाटी क्षेत्र की समृद्ध लोक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत एवं ग्रामीण जीवन मूल्यों के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से किया जा रहा है। गणगौर पर्व राजस्थान की लोक आस्था, विशेष रूप से नारी श्रद्धा एवं पारिवारिक परंपराओं का प्रमुख प्रतीक माना जाता है। क्षेत्र में यह पर्व सामूहिक उत्सव, लोकगीत, पारंपरिक वेशभूषा और सामाजिक सहभागिता के रूप में विशेष महत्व रखता है। इसी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस आयोजन की परिकल्पना की गई है। उत्सव के अंतर्गत गणगौर एवं ईसर की पारंपरिक झांकी, फाग एवं धमाल, लोकगायन, लोकनृत्य प्रस्तुतियां, ऊंट एवं घोड़ी नृत्य, लोक कला प्रदर्शन, महिला एवं युवा सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर की प्रस्तुतियां आयोजित की जाएगी। साथ ही पारंपरिक खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से ग्रामीण खेल संस्कृति को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। आयोजन स्थल पर पारंपरिक राजस्थानी वातावरण विकसित किया जाएगा। जहां स्थानीय हस्तशिल्प, पारंपरिक वेशभूषा तथा ग्रामीण जीवनशैली की झलक देखने को मिलेगी। आगंतुकों के लिए शेखावाटी री रसोई के माध्यम से पारंपरिक राजस्थानी व्यंजन एवं स्थानीय खानपान भी उपलब्ध रहेगा। यह आयोजन ग्रामीण कलाकारों को मंच प्रदान करने, स्थानीय सांस्कृतिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने तथा क्षेत्रीय सांस्कृतिक पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इसका उद्देश्य शेखावाटी गणगौर उत्सव को भविष्य में राजस्थान स्तर के वार्षिक सांस्कृतिक आयोजन के रूप में स्थापित करना है। उक्त आयोजन प्रबंधन का दायित्व भगतसिंह यूथ राजस्थान एवं टीम रूद्र द्वारा किया जा रहा है।















